यूक्रेन के आखिरी बड़े गढ़ पर कब्जा; रूस के रक्षा मंत्री का दावा, लिसिचांस्क शहर नियंत्रण में

By: Jul 4th, 2022 12:06 am

एजेंसियां — कीव

रूस के रक्षा मंत्री ने दावा किया है कि रूसी सेना ने रविवार को लुहांस्क प्रांत में यूक्रेन के नियंत्रण वाले अंतिम बड़े शहर पर कब्जा कर लिया। उन्होंने कहा कि रूस इसके साथ ही यूक्रेन के पूरे डोनबास इलाके पर कब्जा करने के लक्ष्य के नजदीक पहुंच गया है। रक्षामंत्री सर्गेई शोइगू ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यह जानकारी दी कि रूसी सैनिकों ने स्थानीय मिलिशिया के साथ मिलकर ‘लिसिचांस्क शहर पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है।Ó यूक्रेन के अधिकारियों ने तत्काल स्थिति स्पष्ट नहीं की है। यूक्रेन के सैनिक गत कई हफ्तों से लिसिचांस्क शहर को बचाने का प्रयास कर रहे थे और अब रूस के मुकाबले उनकी स्थिति कमजोर हो रही है, जबकि पड़ोसी सिविएरोडोनेत्स्क पर एक हफ्ते पहले ही रूस का कब्जा हो चुका है। लुहांस्क के गवर्नर ने रविवार तड़के कहा था कि रूस की सेना यूक्रेन के लुहांस्क प्रांत में बचे आखिरी गढ़ पर कब्जा करने के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर रही हैं।

रूसी शहर पर गोलाबारी, तीन की मौत

रूस ने रविवार को अपनी सीमा में स्थित बेलगोरोद शहर पर यूक्रेन की गोलाबारी का आरोप लगाया। कहा कि इस हमले में तीन लोग मारे गए हैं और एक मकान नष्ट हो गया है। यह शहर रूस-यूक्रेन सीमा से करीब 40 किलोमीटर भीतर है। रूसी क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लादकोव ने कहा है कि यूक्रेन की गोलाबारी से पांच मकान नष्ट हो गए हैं जबकि 11 अन्य भवनों को नुकसान पहुंचा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App