लाहुल-स्पीति की मयाड़ घाटी में फटा बादल, नदी-नालों में आई बाढ़ से सडक़ें-फसल तबाह

राजेश शर्मा—मनाली
मनाली। लाहुल-स्पीति के मयाड़ घाटी में बादल फटने से नालों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ आने से ग्रामीणों के खेतों में पानी घुस गया, साथ ही सडक़ को भी नुकसान पहुंचा है। जगह-जगह सडक़ अवरुद्ध हो गई है। बादल फटने की घटना से मयाड़ घाटी के ग्रामीण सहम उठे हैं। पिछले साल भी जुलाई में बादल फटने से ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
अब फिर से बादल फटने से ग्रामीणों को नुकसान हुआ है। लाहुल-स्पीति डीडीएमए के अनुसार मयाड़ घाटी में बादल फटने से करपट घोट नाला, शकोली नाला और चांगुट के बिग्गी नाले में बाढ़ आ गई। बाढ़ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन खेतों में बाढ़ का पानी घुस गया है और सडक़ को भी नुकसान पहुंचा है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार घाटी में जगह जगह भूस्खलन भी हुआ है। खेतों में पानी घुसने से फसलों को भी नुकसान हुआ है। एसडीएम उदयपुर निशांत तोमर ने बताया कि बादल फटने से मयाड़ घाटी के नालों में बाढ़ आई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के खेतों सहित सडक़ को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हालात पर नजर रखी जा रही है। राजस्व अधिकारियों को नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को नालों किनारे न जाने की सलाह भी दी गई है।