सरकार के खिलाफ उबली कांग्रेस

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट मामले पर निकाली रोष रैली, सत्ती के बयान पर भडक़े कार्यकर्ता
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- ऊना
ऊना में युंका कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट को लेकर कांगे्रस पार्टी ने शुक्रवार को ऊना मुख्यालय पर विरोध रैली निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ता सायं करीब 6 बजे ऊना सर्किट हाउस एकत्रित हुए। मारपीट प्रकरण से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार व पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इसके उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस से एमसी पार्क होते हुए रोटरी चौंक तक रैली निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिला प्रभारी महेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युंका नेताओं के साथ मारपीट करके गुंडागर्दी की है। उन्होंने इस पुरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता सतपाल सत्ती ने युंका नेता को जान से मारने की धमकी दी है।

उन्होंने कहा कि पब्लिक डोमेन में इस प्रकार की धमकी देने पर सतपाल सत्ती व भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं ऊना थाना प्रभारी को भी हटाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा न हुआ तो आंदोलन बड़ा रूप धारण करेगा,जिसके जिम्मेवार सतपाल सत्ती होंगे। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह राणा, प्रदेश कांगे्रस सचिव देवेंद्र भुटटो, पवन ठाकुर, संजीव सैणी, देशराज मोदगिल, देशराज गौतम, युंका के जिलाध्यक्ष राघव ठाकुर, बीडीसी सदस्य सुमित शर्मा, युंका नेता अभिनव शर्मा सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।