Himachal News : सत्ता में आने के सपने न देखे कांग्रेस, नेता प्रतिपक्ष पर बरसे उद्योग मंत्री विक्रम सिंह

By: Jul 4th, 2022 12:07 am

परागपुर में नेता प्रतिपक्ष पर बरसे उद्योग मंत्री विक्रम सिंह

निजी संवाददाता – परागपुर

हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर पलटवार करते हुए कहा है कि नेता विपक्ष उस पार्टी से संबंध रखते हैं, जिन्होंने अभी-अभी महाराष्ट्र में सत्ता गंवाई है। विक्रम ठाकुर ने मुकेश अग्निहोत्री को अपनी पार्टी में सुधार करने की सलाह देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के अंदर कांग्रेस पार्टी को सत्ता के चक्कर में नहीं पडऩा चाहिए, क्योंकि इस बार हरोली भी भाजपा की झोली में आने वाली है। परागपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार कहीं नहीं जा रही। हम दोबारा से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं । नेता विपक्ष की पार्टी को यूपी जैसे बड़े राज्य में मात्र तीन सीटें मिली हैं ।

हाल ही में हुए चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने दोबारा सरकार बनाई है, जबकि कांग्रेस पार्टी हर जगह पराजित हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की कोई भी बात तथ्यों पर आधारित नहीं होती, जिस कारण उन्हें हर जगह फजीहत का सामना करना पड़ता है। हिमाचल प्रदेश की जनता प्रदेश के अंदर डबल इंजन की सरकार चाहती है, जबकि कांग्रेस सुबह-शाम मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है। जिला परिषद कैडर के कर्मचारियों की हड़ताल के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हड़ताली कर्मचारियों को जिला परिषद के अधीन लिए जाने का फैसला पूर्व कांग्रेस सरकार का था। सरकार पूरे मामले का अध्ययन कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App