भाजपा के नए संसदीय बोर्ड से गडकरी और शिवराज बाहर, येदियुरप्पा-सोनोवाल की हुई एंट्री

By: Aug 17th, 2022 2:29 pm

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संसदीय बोर्ड और केन्द्रीय चुनाव समिति से पार्टी के ताकतवर नेताओं में शुमार होने वाले केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बुधवार को पार्टी के 11 सदस्यीय नए संसदीय बोर्ड और 15 सदस्यीय नई केन्द्रीय चुनाव समिति की घोषणा की। पार्टी के महासचिव अरुण सिंह ने यहां दो विज्ञप्तियों में संसदीय बोर्ड एवं केन्द्रीय चुनाव समिति के नए सदस्यों के नामों की जानकारी दी। दोनों निकायों में शामिल नए सदस्यों में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा और केन्द्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल को शामिल किया गया है।

भाजपा के नए संसदीय बोर्ड के सदस्यों में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री श्री येदियुरप्पा, केन्द्रीय मंत्री एवं असम के पूर्व मुख्यमंत्री श्री सोनोवाल, महासचिव के. लक्ष्मण, श्री इकबाल सिंह लालपुरा, राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, लंबे समय से हाशिये पर चल रहे पूर्व केन्द्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया तथा भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष शामिल है।

भाजपा के नई केन्द्रीय चुनाव समिति में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, येदियुरप्पा, सोनोवाल, महासचिव के. लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया, केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, पार्टी के उपाध्यक्ष ओम माथुर, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन (पदेन) तथा भाजपा के संगठन महासचिव बी एल संतोष को शामिल किया गया है।

निवर्तमान संसदीय बोर्ड एवं केन्द्रीय चुनाव समिति के सदस्य नितिन गडकरी और शिवराच चौहान को इन दोनों निकायों में जगह नहीं मिली है। नए संसदीय बोर्ड में राज्यों में नेतृत्व करने वाले किसी भी सदस्य को स्थान नहीं दिया गया है। जबकि केन्द्रीय चुनाव समिति में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस को स्थान दिया गया है। मौजूदा केन्द्रीय चुनाव समिति में बिहार के नेता सैयद शाहनवाज हुसैन और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जुएल ओरांव को बाहर किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App