हाई कोर्ट के न्यायाधीश ने जांची जमीन

स्टाफ रिपोर्टर — पद्धर
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायाधीश सतेन वैद्य ने पद्धर सब-जज कोर्ट परिसर स्थापित करने के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम पद्धर संजीत सिंह ठाकुर, डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता जितेंद्र गुप्ता, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश मोंगरा, पुलिस थाना प्रभारी पद्धर अशोक कुमार, राजस्व विभाग मंडी और पद्धर की टीम सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पद्धर में सब-जज कोर्ट खोलने की प्रक्रिया हाई कोर्ट द्वारा पूरी की जा रही है। लोगों की उपमंडल मुख्यालय में सब-जज कोर्ट स्थापित करने की मांग पिछले एक दशक से चली आ रही है। इसके लिए तमाम औपचारिक्ताएं हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की ओर से ही पूरी की जानी है। इस मामले को प्रदेशे सरकारों द्वारा कई मर्तबा हाई कोर्ट से उठाया गया है। इसी कड़ी में हाई कोर्ट के न्यायाधीश सतेन वैद्य शनिवार सुबह पद्धर पहुंचे।

उन्होंने प्रशासनिक टीम के साथ कोर्ट के लिए चयनित दो तीन स्थानों पर जाकर साइट निरीक्षण किया। न्यायाधीश सतेन वैद्य ने पद्धर डायनापार्क बल्ह मार्ग के किनारे राजस्व मुहाल स्नेड के कोठी गांव में कोर्ट परिसर स्थापित करने के लिए तीन बीघा खाली भूमि का अवलोकन किया। पद्धर कोर्ट परिसर के लिए उन्होंने चयनित भूमि को अनुकूल बताया जो बाजार से मात्र आधा किलो मीटर की दूरी पर है। प्रशासनिक अधिकारियों को हाई कोर्ट के न्यायाधीश ने लैंड ट्रांसफर की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बता दें कि पद्धर में सब जज कोर्ट स्थापित करने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। इसके लिए तमाम औपचारिक्ताएं हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा ही पूरी की जानी है। हाई कोर्ट शिमला के न्यायाधीश के पधर दौरे से पद्धर में सब-जज कोर्ट की लंबित मांग के शीघ्र पूरा होने की उम्मीद लोगों में जगी है। आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश हाइकोर्ट द्वारा पद्धर में सब जज कोर्ट स्थापित करने का बड़ा ऐलान किया जा सकता है।