ऊना में सडक़ों पर उतरे पेंशनर

मांगे न पूरी होने पर पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने निकाली रोष रैली, जल्द मांगा समस्या का समाधान

सिटी रिपोर्टर- ऊना
लंबे समय से मांगे पूरी न होने के चलते सरकार से नाराज चल रहे परिवहन विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रदेश सरकार के खिलाफ सडक़ों पर उतर आए हैं। सोमवार को जिला मुख्यालय पर हिमाचल पथ परिवहन निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संगठन हिमाचल प्रदेश(पंजीकृत) की ऊना की ईकाई द्वारा रौष रैली निकाली गई। इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। इस संबंध में संगठन ने डीसी ऊना के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मांगपत्र भेजा। इसके साथ ही संगठन ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्याओं व मांगों का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र प्रदर्शन करने से भी पीछे नही हटेंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

संगठन के अध्यक्ष सहदेव, उपाध्यक्ष सतीश कुमार, प्रधान किशोरी लाल, सचिव रविंद्र कुमार का कहना है कि उनकी पहली मांग है कि आठ जून 2022 को शिमला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन के दौरान बुजुर्ग सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ पुलिस द्वारा जोर जबरदस्ती की गई। इसमें कई बुजुर्ग कर्मचारियों को चोटें भी आई हैं। ऐसे जबरदस्ती किसी की आवाज को दबाना लोकतंत्र नहीं है। इसके अलावा प्रदेश सरकार पेंशन का स्थायी समाधान बजट में करे, ताकि प्रत्येक माह की पहली तारीक को पेंशन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिल जाए। सरकारी तर्ज पर पांच, 10 व 15 फीसदी भत्ता दिया जाए। जनवरी 2016 से अब तक बकाया 40 प्रतिशत डीए का भुगतान किया जाए। जुलाई 2022 की पेंशन नए वेतनमान के अंतर्गत दी जाए।