Shrikant Tyagi : जहां बंद खूंखार अपराधी, वहां रखा श्रीकांत त्यागी, एक और केस से बढ़ीं मुश्किलें

By: Aug 12th, 2022 12:08 am

नोएडा में महिला से अभद्रता के आरोपी भाजपा नेता को जमानत नहीं, एक और केस से बढ़ीं मुश्किलें

एजेंसियां — नोएडा

महिला से अभद्रता के आरोपी श्रीकांत त्यागी की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी है और उसके बाद इस कथित भाजपा नेता को लुक्सर जेल में हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। यह बैरक वही है, जहां खूंखार कैदी रखे जाते हैं। इसके अलावा उसकेखिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज कर लिया। फेज-2 थाने में उसका गिरोह रजिस्टर्ड किया गया है, जिसमें श्रीकांत त्यागी को गिरोह का लीडर और उसके कार चालक राहुल को सदस्य बताया गया है। थाना फेज-2 के प्रभारी परमहंस तिवारी की ओर से श्रीकांत के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसमें कहा गया है कि उसका सक्रिय और सुसंगठित गिरोह है। जिले में रजिस्टर्ड हुए गिरोह में यह सबसे छोटा है। श्रीकांत द्वारा कार की नंबर प्लेट बदलकर उन पर प्रदेश सरकार के चिन्ह का इस्तेमाल कर समाज में अपना रौब दिखाया जाता था।

श्रीकांत खुद को उच्च पदाधिकारी के रूप में प्रदर्शित कर जनता में भय पैदा करता था। इसके जरिए वह आर्थिक और भौतिक लाभ उठाता था। इस मामले में बीते शुक्रवार से अब तक पांच केस दर्ज हो चुके हैं। श्रीकांत त्यागी के जेल जाने के बाद अब पुलिस उसके अन्य मददगारों को भी तलाश रही है। इन लोगों ने फरारी के दौरान उसकी मदद की थी। इन मददगारों पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी। फरारी के दौरान वह मेरठ में भी कुछ युवकों के संपर्क में था और इन युवकों ने उसकी मदद की थी। इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। उनकी भी गिरफ्तारी होगी। जेल अधीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि लुक्सर जेल में श्रीकांत को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। उसको सुरक्षा के मद्देनजर हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। उन्होंने जेल प्रशासन से दो कंबल और एक चादर ली है। जेल से मिली जानकारी के अनुसार पहले दिन श्रीकांत ने जेल का खाना नहीं खाया था, लेकिन सुबह उसने जेल प्रशासन द्वारा दिया गया नाश्ता और खाना लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App