स्वां नदी और खड्डों में पीले पंजे का कहर

By: Aug 7th, 2022 12:18 am

ऊना में खनन प्रतिबंध के बावजूद पोकलेन और जेसीबी से हो रहा अवैध खनन, रातों-रात पंजाब भेजी जा रही रेत-बजरी

नगर संवाददाता- ऊना
लोगों की गहरी आस्था का केंद्र सोमभद्रा नदी (स्वां नदी) का अस्तित्व अवैध खनन के चलते खतरे में पड़ गया है। गगरेट से लेकर संतोषगढ़ तक करीब 60 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में फैली स्वां नदी अवैध खनन माफिया की गिद्द नजर से अपना अस्तित्व खो रही है। स्वां नदी सहित खड्डों में खनन माफिया धड़ल्ले से अवैध खनन को अंजाम देकर चांदी कूट रहा है। दर्जनों जगहों पर रात के समय मशीनरी का प्रयोग कर रेत पंजाब पहुंचाया जा रहा है। कई स्थानों पर तो 15 से 20 फीट गहरे गड्ढे खोद दिए है, जो अनमोल जिंदगियों को लील सकते है। हालांकि प्रदेश सरकार ने स्वां नदी व इसकी सहायक खड्डों में 15 जुलाई से 23 सितंबर तक पूर्ण रूप से खनन करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बावजूद अवैध खनन माफिया अवैध खनन करने से बाज नहीं आ रहा है।

दिन ढलते ही खनन माफिया पोकलेन, जेसीबी, टिप्पर व ट्रैक्टरों सहित अवैध खनन में जुट रहा है। पुलिस प्रशासन अवैध खनन गतिविधियों को रोकने के लिए अभियान छेड़े है। आए दिन पुलिस प्रशासन अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने में जुटा हुआ है, लेकिन खनन रोकने के लिए तैनात खनन विभाग दफ्तरों में बैठकर ही कार्रवाई कर रहा है। स्वां नदी में हो रहे अवैध खनन के चलते नदी का वाटर लेवल कम हो गया है। इसके अलावा अवैध खनन से स्वां नदी का स्वरूप बदल रहा है। गगरेट से लेकर संतोषगढ़ तक कई जगहों पर 15 से 20 फीट गहराई तक रेता उठाया गया है। इससे स्वां नदी कई जगहों पर काफी गहरी हो गई है। यहीं नहीं हरोली-रामपुर पुल के समीप भी दिन के उजाले में ही अवैध खनन जोरों से चला रहता है। स्वां पुल के समीप ही अवैध खनन होने से इसकी नींव को भी खतरा बनता जा रहा है।

वाटर लेवल कम होने से खेती खतरें में
स्वां नदी में गहरे गडढे खोदे जाने से स्वां नदी का जलस्तर गहरा हो गया है। ऐसे में स्वां नदी के साथ लगते क्षेत्रों में खेतीबाड़ी पर संकट गहरा गया है। जलस्तर कम होने से टूयबवेल भी पानी नहीं उठा पा रहे है। ऐसे में किसान खेतों की सिंचाई के लिए परेशान हो रहा है।
पुलिस ने बाथड़ी में अवैध खनन करते पकड़े दो वाहन
जिला पुलिस प्रशासन ने अवैध खनन माफिया की कमर तोडऩे के लिए विशेष दल का गठन किया है। पुलिस लगातार खनन माफिया के खिलाफ अभियान चला रहा है। पिछले एक सप्ताह में दर्जनों वाहनों को अवैध खनन करने दबोचा गया है। शुक्रवार रात भी पुलिस ने बाथड़ी में एक जेबीसी व ट्रैक्टर को अवैध खनन करते हुए रंगे हाथों दबोचा है। टाहलीवाल पुलिस चौकी में दो शिकायत भी दर्ज की गई है।
लगातार चलेगा खनन माफिया के खिलाफ अभियान
एएसपी ऊना प्रवीण धीमान ने बताया कि पुलिस ने अवैध खनन गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया है। पिछले कुछ दिनों से इनलिगल माइनिंग करने पर कई वाहनों के चालान काटे गए हैं। शुक्रवार को भी बाथड़ी में दो वाहन अवैध खनन में संलिप्त पाए गए है। पुलिस का अभियान निरंतर चलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App