सीएम बोले- आज देश और प्रदेश को सिर्फ मोदी मॉडल की जरूरत, हमने सालों पुराना रिवाज बदला

By: Sep 19th, 2022 3:41 pm

मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे देश मे रिवाज बदल रहा है और हिमाचल प्रदेश में भी रिवाज बदलेगा। इसके लिए पूरे मंडी जिला और सदर विस को साथ चलना होगा। कोटली में आयोजिय प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि कुछ लोग हमारी बातों से नाराज होते हैं और अपने मॉडल को बहुत बड़ा बताते हैं, लेकिन ये मॉडल चले नहीं ओर फेल हो गए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आज देश और प्रदेश की आवश्यकता मोदी मॉडल की है। आज इस मॉडल को लेकर पूरा विश्व शोध कर रहा है। आज इसी मॉडल की वजह से भारत दुनियां की पांचवीं सबसे बड़ी शक्ति बन गया है। इसी मॉडल की वजह से हम आज उस देश से भी ऊपर हो गए हैं, जिन्होंने 200 वर्ष देश पर शासन किया।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मॉडल की बात करनी है तो विकास का मॉडल आज है। मैं यह नहीं कहता हूं कि मैं ही सबसे बेहतर कर रहा हूं, लेकिन हमने बरसों पुराने उस रिवाज को खत्म कर दिया है, जिसमें बदले की भावना से सरकार काम करती थी। आज सरकार लोगों के विकास गरीबों के लिए और आम जनता के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार पहले दिन से जनता के लिए काम कर रही है। हमने रिवाज पहले दिन से बदला है, सरकार आज रिवाज बदलने की बात नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा में भाजपा सरकार के वर्तमान कार्यकाल को विकास के पर्याय के रूप में देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के कारण हिमाचल प्रदेश की खुशहाली में केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं का विशेष योगदान है।

मुख्यमंत्री बोले – अच्छा हुआ मेरी औकात बता दी

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा जब उन्होंने प्रदेश में रिवाज बदलने की बात कही तो कुछ लोगों को बहुत बुरा लगा। इन लोगों ने कहा कि रिवाज वीरभद्र सिंह नहीं बदल पाए तो जयराम जैसा छोटा आदमी क्या बदलेगा। एक नेता ने तो मेरी तुलना मूली से कर दी। जयराम ठाकुर ने कहा अच्छा हुआ बड़े नेताओं ने मेरी औकात बता दी। मुझे कोई गलतफहमी पहले भी नहीं थी और न ही आज है। मैं छोटा आदमी हूं और यही छोटा आदमी आम जनता के सहयोग से रिवाज बदलेगा, लेकिन खुद बड़े लोग मानने वाले ये नेता कभी इस बात को नहीं समझ सकते हैं।

अनिल को बोले सीएम, मोदी व सदर के लिए साथ चलें

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कोटली की जनसभा में अनिल शर्मा को साथ चलने का इशारा किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा अनिल शर्मा कभी साथ आए और फिर कभी जुदा हो गए। ऐसे दौर राजनीति में आते रहते हैं, लेकिन हमें अब सब को मोदी जी के लिए और सदर के लिए साथ चलना होगा। आज जरूरत है कि मंच पर बैठा सारा नेतृत्व मिलकर चले। हमें मोदी जी, हिमाचल ओर मंडी के लिए साथ चलना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App