डीसी आफिस में लें ईवीएम की जानकारी

By: Sep 24th, 2022 12:55 am

एम-3 वर्जन की मशीन से मतदान करेंगे मतदाता, 550 लोग हासिल कर चुके हैं जानकारी
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर ईवीएम की जानकारी चाहिएं तो उपायुक्त कार्यालय परिसर आएं। यहां पर ईवीएम (वीवीपैट) एम-3 वर्जन मॉडल मशीन की जानकारी मुहैया करवाई जा रही है। विधानसभा चुनावों को लेकर कुछ ही समय शेष बचा है। जिसके चलते ईवीएम (वीवीपैट) की जानकारी होना आवश्यक भी है। वहीं, खास बात यह है कि इस बार विधानसभा चुनाव ईवीएम (वीवीपैट) एम-3 वर्जन मॉडल मशीन पर होंगे। जबकि इससे पहले लोगों को एम-2 वर्जन मशीन के माध्यम से मतदान करने का मौका मिला था। वहीं, इस बार एम-3 मशीन के माध्यम से जनता चुनावों में अपनी भागीदारी निभाएगी। जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग की ओर से नई एम-3 ईवीएम वीवीपैट मशीन से लोगों को जागरूक करने के लिए उपायुक्त कार्यालय परिसर बिलासपुर में स्टॉल लगाया गया है।

बाकायदा लोग यहां पर वीवीपैट की जानकारी हासिल करने के लिए पहुंच रहे हैं। यहां पर तैनात सरकारी कर्मी प्रताप कौशल इस मशीन के बारे में लोगों को जानकारी प्रदान कर रहे हैं। वहीं, यहां पर प्रशासन की ओर से पुलिस कर्मी की भी तैनात की गई है। हर दिन 30 से 35 लोग इस मशीन की जानकारी हासिल करने के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक करीब दो सप्ताह के भीतर ही इस मशीन की जानकारी हासिल करने के लिए करीब 550 लोग पहुंच चुके हैं। बाकायदा मशीन की जानकारी हासिल करने वाले लोगों का नाम रजिस्ट्रर में अंकित किया जा रहा है। यहां पर तैनात कर्मी प्रताप कौशल का कहना है कि लोग जानकारी हासिल करने के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक करीब 550 लोग इस मशीन के बारे में जानकारी हासिल कर चुके हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि लोग इस मशीन से मतदान करने को लेकर जानकारी हासिल करें। नई मशीन की जानकारी लोगों को मुहैया करवाई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App