अहमदाबाद में हिमाचली दम; टीम तैयार, राष्ट्रीय नेटबाल प्रतियोगिता 26 सितंबर से

By: Sep 23rd, 2022 12:03 am

निजी संवादददाता — भोरंज
गुजरात में हो रही नेशनल गेम्स में नेटबाल खेल में हिमाचल प्रदेश की महिला टीम भी भाग लेगी। नेशनल गेम्स में नेटबॉल खेल की प्रतियोगिताएं अहमदाबाद में 26 सितंबर से 30 सितंबर तक खेली जाएंगी। नेशनल गेम्स में आठ राज्यों में आठ महिला और आठ ही पुरुष वर्ग की टीमें भाग लेंगी। हिमाचल प्रदेश नेटबाल संघ के महासचिव अशोक आनंद ने बताया कि नेशनल गेम्स का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश की महिला वर्ग की टीम में राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं, जो कि प्रदेश को प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश की टीम में 12 महिला खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जिनमें चंद्र किरण, नंदनी देवी, भावना, हिमानी, शिक्षा देवी, सिखा, राधिका, वंशिका, हिमांशु, आशा नेगी, भीषम लता व आदित्य ठाकुर को शामिल किया गया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश नेटबाल संघ ने अक्षांत सिंह को कोच, राम विनय को सहायक कोच और सुनील कुमार को टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के महिला खिलाडिय़ों को इन दिनों ऊना में प्रशिक्षण शिविर चल रहा है तथा नेटबॉल खेल के नियमों को सिखाया जा रहा है, ताकि नेशनल गेम्स में खिलाड़ी परिपक्व होकर अपने खेल का अच्छा प्रदर्शन कर सकें। संघ के प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है कि हिमाचल की टीम नेशनल में अच्छा प्रदर्शन करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App