हाथ जोड़ो, पीछा छोड़ो… जयराम जी, जनसंकल्प रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का भाजपा पर हमला

By: Sep 30th, 2022 12:08 am

सुजानपुर की जनसंकल्प रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का भाजपा पर हमला

नीलकांत भारद्वाज — सुजानपुर

‘हाथ जोड़ो पीछा छोड़ो, जयराम जी की’। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री व हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त वरिष्ठ पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने गुरुवार को सुजानपुर में आयोजित जन संकल्प रैली के दौरान यह तंज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर कसा। बतौर मुख्यातिथि पहुंचे श्री बघेल ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आपने पांच साल जयराम को बतौर मुख्यमंत्री झेला है, लेकिन अब उन्हें बदलने में ही भलाई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जब उपचुनाव के नतीजे आए थे, तो जयराम ठाकुर ने कहा था कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण वे उपचुनाव हारे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तो महंगाई उससे भी अधिक हो गई है, तो क्या आम चुनावों में भाजपा को जिताना उचित होगा।

उन्होंने कहा कि किसानों के कर्जे माफ करने की बातें करने वालों ने अपने रईस दोस्तों के कर्जे जरूर माफ किए, लेकिन किसानों को सडक़ों पर छोड़ दिया। हर चीज में जीएसटी लगा दिया। बघेल ने कहा कि यहां की माताओं की कोख से वेे शूरवीर पैदा होते हैं, जो सरहदों पर देश की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अग्निपथ जैसी योजना लाकर इस वीरभूमि के साथ भद्दा मजाक किया है। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए बघेल ने कहा कि कहते थे वन रैंक, वन पेंशन देंगे, लेकिन अग्रिपथ योजना लाकर न रैंक मिलेगा, न ही पेंशन। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही इस योजना को पूरी तरह बंद कर पहले की तरह पक्की नौकरी का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से गाय के नाम पर सियासत करने वालों से आज गाय की सेवा नहीं हो रही। गोमाता कभी सडक़ों पर, तो कभी बीमारी से मर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री का जिक्र करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि वह हिमाचल निर्माता डा. वाईएस परमार को प्रणाम करतो हैं, जिन्होंने हिमाचल को बनाया और स्व. वीरभद्र सिंह को भी प्रणाम, जिन्होंने इस खूबसूरत प्रदेश को संवारा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने वाली है और आने वाला समय हिमाचल की जनता, किसानों, महिलाओं व कर्मचारियों का है। (एचडीएम)

युवा-महिलाएं-मजदूर-कर्मचारी कांग्रेस की ताकत

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — सुजानपुर

प्रदेश का हर युवा, महिलाएं, मजदूर और कर्मचारी हमारी ताकत हैं। 40 दिन बाद प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनेगी। यह कहना था हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू का। गुरुवार को सुजानपुर में जन संकल्प रैली में जनता को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि युवाओं के लिए पक्की नौकरी और उनके लिए स्वरोजगार के अवसर खोलना कांग्रेस की प्राथमिकता रहेगी। 18 से 60 साल तक की हर बेटी-बहन को प्रतिमाह 1500 रुपए पेंशन कांग्रेस देगी। कर्मचारियों के लिए पहली की कैबिनेट में ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल किया जाएगा। आउटसोर्स सिस्टम बंद होगा और पक्की और गारंटी वाली नौकरी बेरोजगारों को दी जाएगी।

भाजपा में दो लोगों की चलती है

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस अध्यक्ष के चुनावों पर उठ रहे सवालों और भाजपा नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ा दिया गया , किसे पता चला। उन्होंने कहा कि भाजपा में दो लोगों की चल रही है, लेकिन कांग्रेस में लोकतंत्र है। सीएम बघेल ने आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश के चुनावों में प्रत्याशी खड़े करने को हास्यास्पद बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी वहीं पर चुनाव लड़ती है जहां कांग्रेस मजबूत हो और कांग्रेस चुनाव जीतने की संभावना में हो ताकि भाजपा को फायदा हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App