हमीरपुर में 120 लोकल रूट प्रभावित

By: Oct 6th, 2022 12:10 am

बिलासपुर रैली को जिला से बुक करवाई गई थी निगम की 100 बसें, यात्री हुए परेशान

कार्यालय संवाददाता-हमीरपुर
बिलासपुर रैली के चलते हमीरपुर जिला में एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में लोकल रूट प्रभावित रहे। बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर हमीरपुर जिला में करीब 100 के करीब बसों को बुक करवाया गया था। इसके चलते जिला भर में बुधवार को करीब 120 लोकल रूट प्रभावित हुए हैं। हालांकि प्राइवेट बसें रूटों पर चलने से लोगों ने जरूर राहत की सांस ली है। यात्रियों को दिन भर बसों की कमी से जूझना पड़ा। सबसे ज्यादा प्रभाव लोकल रूटों पर देखना पड़ा। यात्रियों को घंटों इंतजार के बाद स्टेशनों पर बसें मिल रही थी।

हालांकि दशहरे पर्व की छुट्टी के चलते बसों में यात्रियों की संख्या कम ही देखने को मिली। जो प्राइवेट बसें रूटों पर चल रही थी, उनमें भी यात्री कम ही सफर करते नजर आए। ऐसे में बुधवार को हमीरपुर बस अड्डा दिन भर खाली नजर आया। गिनी-चुने निगम की बसें ही बस अड्डा पहुंच रही थी। अधिकतर प्राइवेट बसें ही अड्डा में दिखाई दे रही थी। निगम की बसें जैसे ही शाम को रैली से वापस लौटती रही, तो उन्हें रूटों पर भेज दिया गया, ताकि यात्रियों को बसों की कमी के चलते और परेशान न होना पड़े। शाम के समय अधिकतर लोकल रूटों पर निगम की बसें चलाई गई हैं। गुरुवार से सभी बसें रूटीन में लोकल रूटों पर चलाई जाएंगी। इस बारे में विवेक लखनपाल, उपमंडलीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर का कहना है कि बिलासपुर रैली को लेकर निगम की 100 बसें बुक करवाई गई थी। इनमें से 87 के करीब बसें ही रैली में कार्यकर्ताओं को लेकर भेजी गई थी। ऐसे में जिला भर में दिन भर 120 के करीब लोकल रूट प्रभावित हुए हैं। हालांकि शाम के समय अधिकतर रूटों पर बसें लोकल रूटों पर भेजी गई हैं। गुरुवार से सभी बसें रूटीन में रूटों पर चलेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App