हिमाचली बेटी ने फतह की माउंट चो ओयू चोटी, दुनिया की छठी सबसे ऊंची चोटी जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

By: Oct 27th, 2022 12:04 am

कार्यालय संवाददाता — कुल्लू
ईशानी सिंह जम्वाल पहली भारतीय महिला बन गई हैं, जिन्होंने माउंट चो ओयू चोटी को फतह किया है। यह पीक नेपाल और चीन के मध्य है। दक्षिण की ओर से दुनिया की छठी सबसे ऊंची व कठिन चोटी पर 7200 मीटर की ऊंचाई तक ईशानी पहुंच गई। माउंट चो ओयू के अत्यंत चुनौतीपूर्ण दक्षिण की ओर की अधिकतम ऊंचाई तक पहुंचने के लिए वह दुनिया भर के पर्वतारोहियों में एकमात्र महिला बन गई है।

ईशानी ने कहा कि वह खुद को चुनौती देने और देश के लिए अपने शिखर पर चढऩे में सक्षम थी। ईशानी ने अपने माता-पिता, प्रशिक्षकों, आकाओं और विशेष रूप से अपने प्रायोजकों का आभार प्रकट किया है, जिसके कारण यह अभियान संभव हो सका। ईशानी ने कहा कि उसका उद्देश्य पर्वतारोहण को एक साहसिक कार्य के रूप में बढ़ावा देना है और साथ ही सरकार से बड़े अभियानों के लिए पर्वतारोहियों को आर्थिक रूप से समर्थन देने का अनुरोध किया है। वहीं, ईशानी के पिता शक्ति सिंह व माता नलिनी जम्वाल ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है और उन्होंने सरकार से अपील की है कि ऐसे साहसिक कार्यों के लिए बच्चों का सहयोग किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App