पीएम आएं, तो कर्ज माफ करवाएं, सुखविंदर सुक्खू ने प्रधानमंत्री मोदी के दौरे पर उठाए सवाल

By: Oct 5th, 2022 12:08 am

विशेष संवाददाता — शिमला

कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रधानमंत्री ने आठ साल के कार्यकाल के दौरान किए दौरों में हिमाचल के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अब इस दौरे के दौरान यह जवाब देना होगा कि वह प्रधानमंत्री से कितना कर्ज माफ करवाएंगे। प्रदेश 65 हजार करोड़ रुपए से अधिक कर्ज के तले दबा हुआ है। मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री से प्रदेश के लिए विशेष वित्तीय पैकेज लेना चाहिए, जिससे पहाड़ी प्रदेश की वित्तीय हालत सुधर सके। प्रदेश में 14 लाख बेरोजगार हैं। उन्हें रोजगार मुहैया कराने के लिए औद्योगिक पैकेज लिया जाए, ताकि रियायतों के साथ नए उद्योग लगें और युवाओं को रोजगार मिले। आज प्रदेश में बेरोजगारी सबसे बड़ी चुनौती है।

इस कारण ही युवा पथभ्रष्ट होकर नशे को अपनाकर अपराध की दुनिया में कदम रख रहे हैं। महंगाई कम करने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की क्या योजना है, यह भी आम जनता को बताया जाए। बीते आठ साल में महंगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मुख्यमंत्री यह भी जवाब दें कि शिमला-मटौर समेत घोषित 69 नेशनल हाई-वे और फोरलेन का बना। सुक्खू ने पूछा कि केंद्र सरकार विदेशी सेब पर आयात शुल्क कब बढ़ाएगी। सेब खरीद के लिए भी एमएसपी तय होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी और भाजपा की हार होगी।

शिमला पहुंचीं प्रियंका गांधी

विशेष संवाददाता — शिमला

कांग्रेस की टिकटें तह्यय होने से ठीक पहले राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शिमला पहुंच गई हैं। प्रियंका गांधी निजी दौरे पर छराबड़ा आई हैं। मंगलवार सुबह वह छराबड़ा में अपने आवास पर पहुंची। प्रियंका गांधी का यह निजी दौरा है और इस दौरान कोई राजनीतिक बैठक तय नहीं है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से मिलकर हिमाचल में संगठन को लेकर बातचीत की संभावनाएं जरूर इस दौरे से बनी हुई हंै। प्रदेश कांग्रेस समिति ने दस अक्तूबर को सोलन में प्रियंका गांधी की अगवाई में रैली तय की गई है। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की यह केंद्र स्तर के नेता की पहली बड़ी रैली है। हालांकि इससे पूर्व सुजानपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अगवाई में एक रैली आयोजित हो चुकी है, लेकिन इस रैली में प्रियंका गांधी नहीं पहुंच पाई थीं। फिलहाल प्रियंका गांधी के इस दौरे के दौरान कांग्रेस की कोई आधिकारिक बैठक तय नहीं है, लेकिन विधानसभा चुनाव नजदीक होने की वजह से कांग्रेस के नेता प्रियंका गांधी से मुलाकात कर सकते हैं।

डूबती नैया पार लगाने को फर्जी सर्वे करवा रही भाजपा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा के पक्ष में दिखाए जा रहे विभिन्न सर्वेक्षणों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह केवल भाजपा की अपनी मेनूपलेशन है। मंगलवार को ऊना में जारी एक वक्तव्य में मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि भाजपा की डूबती नैया को बचाने के लिए ख्याली पुलाव बनाने का प्रयास सर्वेक्षणों के माध्यम से किया जा रहा है। यह सर्वेक्षण पूरी तरह से झूठे है, फर्जी हैं, खरीदे हुए हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनता की नब्ज को फर्जी सर्वे नहीं बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि विस चुनावों में जीत की संभावना रखने वालों को पार्टी टिकट देगी और सबको मिलकर के एकजुटता के साथ पार्टी की जीत के लिए काम करना होगा। मुकेश अग्निहोत्री ने साफ किया कि टिकट को लेकर किसी भी प्रकार का दबाव या ब्लैक मेलिंग किसी भी स्तर पर सहन नहीं होगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पार्टी सत्ता में आएगी, सब का सम्मान होगा, सबको गले से लगा करके रखेंगे, लेकिन पार्टी के साथ किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता सहन नहीं की जाएगी।

निर्णयों की समीक्षा होगी

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले 3 महीनों से लगातार झूठी, फर्जी घोषणाएं करने का काम कर रही हैं। न तो इन पर कोई एक्शन हुआ है, न ही ये घोषणाएं लागू हुई हैं और न जमीन पर उतरी हैं, केवल चिट्टियां जारी करने का काम हो रहा है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर 3 माह के दौरान लिए गए निर्णयों की समीक्षा की जाएग तथा जरूरत के अनुसार इसमें बदलाव किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App