गलत नक्शे पर बवाल, कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदार थरूर ने घिरने के बाद सुधारी गलती

By: Oct 1st, 2022 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे सांसद शशि थरूर ने अपने चुनावी घोषणा पत्र से नए विवाद को जन्म दे दिया है। इसमें भारत का विकृत नक्शा दिखाया गया। शशि थरूर के घोषणापत्र में जम्मू-कश्मीर के पीओके और लद्दाख का कुछ हिस्सा नहीं दिखाया गया था। ये घोषणापत्र थरूर के कार्यालय से जारी किया गया था। हालांकि, मामला सामने आने और इसे लेकर हुई किरकिरी के बाद थरूर के कार्यालय ने तुरंत नक्शे में सुधार किया और पीओके सहित पूरे कश्मीर को इसमें दिखाया। बता दें कि कांग्रेस में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शुक्रवार को तीन नामांकन हुए। पहला नामांकन शशि थरूर, दूसरा नामांकन झारखंड के कांग्रेस लीडर केएन त्रिपाठी और तीसरा नॉमिनेशन मल्लिकार्जुन खडग़े ने किया। इसके साथ ही तय हो गया है कि अगला अध्यक्ष गैर-गांधी ही होगा। थरूर और त्रिपाठी के प्रस्तावकों में इक्का-दुक्का लीडर्स थे, लेकिन गांधी फैमिली की च्वाइस बताए जा रहे मल्लिकार्जुन खडग़े के प्रस्तावकों की लिस्ट में 30 बड़े नेताओं के नाम हैं। इनमें जी-23 के बड़े चेहरे आनंद शर्मा और मनीष तिवारी भी शामिल हैं। खडग़े के साथ नेताओं के हुजूम की तस्वीर यह साफ कर रही है कि नॉमिनेशन ही नतीजे हैं।

राहुल ने भाजपा-आरएसएस पर साधा निशाना

गुंदलुपेट (कर्नाटक)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता दल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास केंद्र सरकार के खिलाफ खड़ा होने का एकमात्र विकल्प ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बचा हुआ है। श्री गांधी की यात्रा तमिलनाडु की सीमा गुडलूर से कर्नाटक के गुंदलुपेट में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विभिन्न संस्थान होते हैं, जहां पर आप अपनी बात रख सकते हैं जैसे कि मीडिया और संसद। विपक्ष के लिए सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। मीडिया हमारे विचारों को जनता तक नहीं पहुंचाता है और यह पूरी तरह से सरकार के नियंत्रण में है। जब हम संसद में बोलना चाहते हैं तो हमारे माइक बंद कर दिए जाते हैं, विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया जाता है।

गहलोत को देख पायलट समर्थकों ने खूब लगाए नारे

नई दिल्ली। राजस्थान कांग्रेस के भीतर सियासी खींचतान जारी है। इस बीच सचिन पायलट के समर्थक शुक्रवार को नई दिल्ली में स्थिति एआईसीसी ऑफिस के बाहर जमा हुए। उन्होंने मांग रखी कि पायलट को या तो पार्टी अध्यक्ष बनाया जाए, या फिर राजस्थान का मुख्यमंत्री नियुक्त किया जाए। इसी दौरान जैसे ही राज्य के सीएम अशोक गहलोत पार्टी दफ्तर पहुंचे, समर्थकों ने पायलट के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी। समर्थकों का कहना है कि राहुल गांधी भी यंग हैं। भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है। जब तक किसी युवा को टॉप पोस्ट नहीं मिलेगी, तब तक कांग्रेस को पावर नहीं मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App