यूक्रेन के चार राज्यों पर रूस का राज, डोनेट्स्क-लुहान्स्क-जापोरिजिया-खेरसॉन किए शामिल

By: Oct 1st, 2022 12:08 am

राष्ट्रपति पुतिन ने डोनेट्स्क-लुहान्स्क-जापोरिजिया और खेरसॉन किए शामिल, पश्चिमी देशों को कड़ी चेतावनी

एजेंसियां — मॉस्को

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के कब्जे वाले चार इलाकों को अपने देश में शामिल करने के आधिकारिक दस्तावेद पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। उन्होंने दस्तावेज पर हस्ताक्षर के वक्त रूसी शीर्ष अधिकारियों को सबोधित करते हुए यूक्रेन और पश्चिमी देशों को चेतावनी भी दे दी। पुतिन ने कहा कि डोनेट्स्क, लुहान्स्क, जापोरिजिया, खेरसॉन के लोग अब रूसी नागरिक हो चुके हैं। अगर इन पर हमला हुआ, तो उसे रूस पर हमला माना जाएगा। रूस अपने नागरिकों और अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी ताकत से जवाबी कार्रवाई करेगा। उन्होंने वादा किया कि इन इलाकों में यूक्रेनी हमले से बर्बाद हुए अस्पताल, स्कूलों और दूसरे सार्वजनिक स्थलों का फिर से निर्माण किया जाएगा। उन्होंने युद्ध में मारे गए रूसी सैन्य अधिकारियों और डोनबास के नागरिकों को शहीद का दर्जा दिया और भाषण के दौरान उनके सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा। पुतिन ने क्रेमलिन में कहा कि रूस के प्रिय निवासियों, डोनेट्स्क और लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक के निवासियों, जापोरिजिया, और खेरसॉन क्षेत्रों के लोग … आप जानते हैं कि जनमत संग्रह हुआ है। परिणामों की गणना की गई है। परिणाम ज्ञात हैं। लोगों ने अपनी पसंद बनाई है, एक स्पष्ट पसंद है।

जल्द वापस लेंगे अपने इलाके

यूक्रेन ने पुतिन की घोषणाओं को नजरअंदाज करते हुए जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है। यूक्रेन की सेना ने कहा है कि वो आने वाले कुछ दिनों में अपने नॉर्थ-ईस्ट के क्षेत्रों को रूस के कब्जे से छुड़वा लेगी। डोनेट्स्क व लुहान्स्क को स्वतंत्र कराने की बात भी यूक्रेन सेना की ओर से की गई है।

भारत लूटा, अब हम पर नजर

एजेंसियां — मॉस्को

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के कब्जाए गए क्षेत्रों को अपने देश का औपचारिक हिस्सा घोषित कर दिया है। इस दौरान पुतिन ने आरोप लगाया कि पश्चिमी देशों ने भारत को लूटा और अब उनकी नजर रूस पर है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश रूस के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। उन्होंने रूस के पूर्ववर्ती नेताओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने अमरीका के बहकावे में आकर अपनी सामरिक शक्ति को कम किया, जबकि दूसरे देश हमने हथियारों के जखीरे को वैसे ही बनाए रखे। पुतिन ने आरोप लगाया कि नरसंहार का असली आरोपी अमरीका है, जिसने दुनियाभर के देशों पर झूठे आरोप लगाकर हमले किए और लाखों लोगों को मार डाला। व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम रूस को उपनिवेश बनाना चाहता है। उन्होंने भारत जैसे देशों को लूटा है, लेकिन हमने खुद को कॉलोनी नहीं बनने दिया। पुतिन ने कहा कि रूस सोवियत संघ को फिर से बनाने के लिए प्रयास नहीं कर रहा है। यूएसएसआर अब नहीं है। हम अतीत को वापस नहीं ला सकते हैं और रूस को अब इसकी आवश्यकता नहीं है।

भारतीय अधिकारी का नाम लेकर चौंकाया

रूस के मुताबिक यूक्रेन में हुए जनमत संग्रह में एक भारतीय अधिकारी की कथित मौजूदगी थी। इस पर विवाद शुरू हो गया। भारत इस जनमत संग्रह पर न्यूट्रल रहा है। रूस ने अपने बयान में पूर्णिमा आनंद नाम की एक अधिकारी का नाम लिया। कहा कि वह जनमत संग्रह के दौरान भारत से एक पर्यवेक्षक के रूप में वहां मौजूद थीं। वहीं, भारत सरकार ने कहा कि जनमत संग्रह में किसी भी अधिकारी या पर्यवेक्षक के तौर पर वहां नहीं भेजा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App