शरीर से नहीं…बौद्धिक क्षमताओं से महिलाओं का सम्मान

By: Oct 2nd, 2022 12:58 am

गेयटी में भाषा एवं संस्कृति विभाग के कला संस्कृति संवाद उत्सव में बोलीं केंद्रीय विदेश मामले एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला
भारत देश की संस्कृति व सांस्कृतिक सहिष्णुता को बनाए रखने तथा इसके संवर्धन के लिए ऋषियों और बौद्धिक जनों के श्रम के प्रति कृतज्ञ भाव प्रकट करना ही आजादी का अमृत महोत्सव का सही अर्थ है। यह विचार केंद्रीय विदेश मामले एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा गेयटी थियेटर में आयोजित कला संस्कृति संवाद उत्सव के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि हमारी समस्त कलाएं, इस देश की सनातन संस्कृति की संवाहक है, जिससे इस देश की विशिष्ट पहचान परिलक्षित होती है। देश में नारी का सम्मान देह नहीं, अपितु बौद्धिक क्षमताओं से किया जाता है। महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई योजनाएं शुरू की है, जिनके माध्यम से महिलाओं के सम्मान की रक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सांस्कृतिक संरक्षण के लिए कई योजनाएं शुरू की है। उन्होंने संवाद के तहत रंगकर्मी संजय सूद द्वारा रेपेट्री के लिए धन की उपलब्धता के संबंध में कहा कि भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा आरंभ की गई इस रेपेट्री के लिए सांस्कृतिक मंत्रालय से उदात्त अनुदान उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने गेयटी थियेटर में कार्यक्रम के दौरान नव कन्या पूजन कर कन्याओं का आशीर्वाद भी लिया। शहरी विकास, आवास सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि गोथिक शैली में बने गेयटी थियेटर में केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि संस्कृति को धरोहर मानकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें कलाकारों व संस्कृति मंत्री द्वारा किए जाने वाले परस्पर संवाद से निश्चित रूप से प्रदेश के कला कर्मियों व कला रसिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के नाम से प्रख्यात है, जिसमें देवी शक्ति पीठ अधिक मात्रा में विद्यमान है। कार्यक्रम में कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष रवि मेहता, गुडिय़ा सक्ष्म बोर्ड की उपाध्यक्ष रूपा शर्मा, पर्यटन बोर्ड की उपाध्यक्ष रश्मि धर सूद, ललित कला अकादमी नई दिल्ली के उपाध्यक्ष डाक्टर नंदलाल, पद्मश्री विद्यानंद सरैक, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अनिल कश्यप सहित प्रदेश भर से आए कलाकारों ने केंद्रीय राज्य
मंत्री के साथ संवाद कायम किया। इस अवसर पर सोलन ने आए
लोक कलाकार जियालाल, रोशनी शर्मा व करनैल राणा ने लोकगीत भी प्रस्तुत किए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App