प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ बनाएगी सरकार

By: Nov 28th, 2022 12:10 am

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का दावा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का रिवाज बदलने का सपना कभी नहीं होगा पूरा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
हिमाचल प्रदेश में आठ दिसंबर को कांग्रेस सरकार बनने वाली है। प्रदेश की जनता ने जनादेश दे दिया है और 8 दिसंबर को कांग्रेस के पक्ष में होगा। यह बात नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को ऊना में जारी एक प्रेस वक्तव्य में कहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अभी से चुनाव नतीजों का सामना करने के लिए खुद को तैयार कर लेना चाहिए, क्योंकि भाजपा की बुरी हार होने वाली है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से आ रही है, ऐसे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद कर देना चाहिए।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है, लेकिन जिस प्रकार से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सपने देख रहे हैं वह कभी पूरे होने वाले नहीं है, रिवाज नही तख्त व ताज बदल रहे है। मुकेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आकर पहली कैबिनेट में कर्मचारियों के साथ किए गए वायदे को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट बिजली के निशुल्क दिए जाएंगे, 1500 महिलाओं को देने का वायदा पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो गारंटी जनता को दी हैं, वह गारंटी कांग्रेस तय समय में पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के तहत जिस प्रकार से जनसमर्थन मिल रहा है, यह अपने आप में कांग्रेसी नेतृत्व यह प्रति जनता का बढ़ता विश्वास है। भारतीय जनता पार्टी ने साम-दाम-दंड-भेद की नीति को अपनाकर जिस प्रकार से चुनावों को जीतने का प्रयास करती है, उसकी असलियत अब खुल गई है। उन्होंने कहा कि जनता का जनादेश सर्वोपरि होगा और जनता ने महंगाई, बेरोजगारी, कर्ज सहित अनेक प्रदेश व देश हित के मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान किया है और जनता ने तय किया है कि कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से बने। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में सत्ता में आकर वादों को पूरा करेगी, आर्थिक संसाधनों में मजबूती आएगी। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार के पास भीख नहीं मांगेंगे, बल्कि हिमाचल प्रदेश का हक लेने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

जनता की सोच, वीरभद्र के सपने होंगे साकार

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विकास में आगे बढ़ाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सोच व प्रदेश के आधुनिक निर्माता वीरभद्र सिंह के सपनों को साकार करने के लिए कदम आगे बढ़ाए जाएंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को हरसंभव सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हाथ मिलती ही रह जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App