FIFA WC: रोमांचक मुकाबले में घाना को हरा पुर्तगाल ने किया विजयी आगाज, रोनाल्डो बने रिकार्डधारी
दोहा। क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 63वें मिनट में किए गए रिकार्ड गोल की मदद से पुर्तगाल ने फीफा विश्व कप में ग्रुप एच के मैच में घाना को 3-2 से हराकर विजयी शुरूआत की।
मुकाबले के अंतिम 30 मिनट में रोमांच से भरपूर रहे जब दोनो टीमो ने कुल मिला कर सभी पांच गोल दागे। दनादन गोल अभियान की शुरूआत पुर्तगाल के 37 साल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 63वें मिनट में की जिसके बाद घाना के एंद्रे आंद्रे अय्यू ने 73वें मिनट में गोल दाग कर मैच को बराबरी पर खड़ा कर दिया। हालांकि बराबरी का यह प्रयास लंबा नहीं खिंचा, जब पुर्तगाल के जोआओ फेलिक्स ने पांच मिनट के अंतर पर एक और गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी, वहीं राफेल लियो ने 80वें मिनट में तीसरा गोल कर पुर्तगाल को जीत की दहलीज पर ला दिया।
घाना के खिलाडिय़ों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए पुर्तगाल पर जवाबी हमले किए, नतीजन ओसमान बुकारी को 89वें मिनट पर गोल करने का मौका मिल गया, मगर तब तक मैच घाना के हाथ से फिसल चुका था। रोनाल्डो ने मैच में किए गए इस गोल के साथ दुनिया के सर्वाधिक गोल दागने के अपने पिछले रिकार्ड में एक और मानक स्थापित किया। इसके साथ ही वह पांच विश्व कप में स्कोर करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर भी बन गए हैं। रोनाल्डो ने इस मैच के बाद अब तक 118 अंतरराष्ट्रीय गोल किए हैं।