HP Election: कितने कर्मचारियों ने डाला वोट, किसने मनाई छुट्टी

विभागों-निगमों-बोर्डों से फीडबैक लेगा आयोग, रिपोर्ट आने के बाद होगी अगली कार्रवाई

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

मतदान के दिन कितने कर्मचारियों ने वोट दिया और कितने कर्मचारियों ने वोट देने की बजाय छुट्टी मनाई। इस बारे में मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय हिमाचल प्रदेश की ओर से भी विभागों, निगमों व बोर्डो से फीडबैक ली जाएगी। चुनाव आयेाग ने मतदान से पहले सभी विभागों, निगमों व बोर्डों में मतदान की शपथ कर्मचारियों को दिलवाई थी। मतदान की शपथ के दौरान लोगों को सभी विभागों में एक नोडल अफिसर तैनात किए गए थे और एक वोटर फोरम भी बनाई गई थी। अब इन नोडल अधिकारियों से फीडबैक ली जाएगी कि कितने कर्मचारियों ने वोट डाला और कितने कर्मचारियों ने मतदान के दिन छुट्टी मनाई। हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के लिए 12 नवंबर को हुए मतदान के लिए सभी सरकारी, अद्र्धसरकारी कर्मचारियों व अन्य के लिए अवकाश घोषित किया गया था।

प्रदेश में मतदान के प्रतिशत ने भले ही पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं, लेकिन सरकारी कर्मचारियों ने कितनी संख्या में मतदान किया, इसका आंकड़ा जुटाया जा रहा है। प्रदेश में करीब साढ़े तीन लाख कर्मचारी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। पहली बार है कि जब सरकारी कर्मचारियों के मतदान को लेकर जानकारी मांगी जाएगी। अब उन्हें मतदान का प्रमाणपत्र विभागाध्यक्षों को देना होगा। इससे भविष्य में उनकी मतदान में उपस्थिति बढ़ेगी। चुनाव विभाग द्वारा अभी तक जुटाए गए आंकड़ों के तहत शहरी क्षेत्रों में मतदान कम होने का कारण सरकारी कॉलोनियों में मत प्रतिशत कम दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त काफी संख्या में लोगों के दोहरे वोट होने की आशंका जताई जा रही है, जिसमें से लोगों ने शहरी क्षेत्र में मतदान न कर अपने गांव में मतदान किया है।

अगली रणनीति बनाएंगे

सभी विभागों से कर्मचारियों को फीडबैक मिलने के बाद चुनाव आयोग की ओर से अगली रणनीति तैयार की जाएगी। जिन लोगों ने वोट नहीं डाला है, उनसे वोट न डालने का कारण पूछा जाएगा। वोट न डालने का कारण जानने क बाद उन्हें जागरूक करने के लिए अलग से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा