मर्डर या कुछ और! कांगड़ा के तरसूह में घर से कुछ दूर खून से लथपथ मिली 23 वर्षीय पेंटर की लाश

By: Nov 24th, 2022 3:01 pm

कांगड़ा। जिला कांगड़ा के साथ लगती पंचायत तरसूह में घर से कुछ दूरी पर एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। लाश की पहचान 23 वर्षीय रमन कुमार निवासी तरसूह के रूप में हुई है। शव मिलने के स्थान पर जगह-जगह खून बिखरा हुआ है। मौके पर कांगड़ा पुलिस पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

तरसूह पंचायत प्रधान सुनील दत्त ने कहा कि उन्हें सुबह एक शव मिलने की जानकारी मिली, जिसकी जानकारी उन्होंने कांगड़ा पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि सुबह के समय कुछ लोग जंगल की तरफ निकले थे, तो बीच रास्ते में उन्हें खून के निशान दिखाई दिए। जब आगे जाकर देखा तो रास्ते से 10 फुट नीचे एक युवक का शव पड़ा हुआ था।

युवक के सिर और मुंह से काफी खून निकला हुआ था, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक के सिर पर पत्थरों से वार किया गया है। थाना प्रभारी कांगड़ा विजय कुमार ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंच गई है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक कांगड़ा में पेंटर का काम करता था। जहां लाश मिल है, वहां उसका मोबाइल तो नहीं मिला है, मगर फोन का कवर मिला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App