बिलासपुर में पलटी पर्यटकों से भरी वोल्वो; मनाली से अमृतसर जा रही थी बस, 15 सैलानी घायल

By: Nov 25th, 2022 11:23 am

बिलासपुर। नेशनल हाई-वे चंडीगढ़-मनाली पर बिलासपुर जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर पर्यटकों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में करीब 40 लोग सवार थे, जिनमें से 15 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक यह वोल्वो बस मनाली से अमृतसर जा रही थी। जैसे ही बस सागर व्यू होटल के पास उतराई पर पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गई। गनीमत रही कि बस सडक़ पर ही रुक गई और सडक़ के साथ लगती खाई में नहीं गिरी, अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस से मामले को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

उपायुक्त और डीएसपी भी अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों के साथ तुरंत अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और घायलों का हाल चाल जाना। उधर, इस बारे में चिकित्सा अधीक्षक डा. संजीव ने बताया कि देर रात बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें सवार करीब 15 लोग घायल हो गए थे। घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। तीन गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया गया है, जबकि 13 घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App