लाहुल में फिर चला हाथ का जादू

कांग्रेस प्रत्याशी रवि ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी रामलाल मार्कंडेय को 1616 मतों से परास्त कर जीत की दर्ज

हीरा लाल ठाकुर- भुंतर
जनजातीय जिला लाहुल स्पीति के मतदाताओं ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामलाल मार्कंडेय कमल खिलाने में नाकामयाब साबित हुए हैं। लाहुल स्पीति के वोटरों ने भाजपा के विकास के दावों को दरकिनार कर कांग्रेस पर भरोसा जताया है और रवि ठाकुर को प्रदेश विधानसभा के लिए चुनकर भेजा है। कांग्रेस के रवि ठाकुर ने भाजपा के तकनीकी शिक्षा मंत्री राम लाल मार्कंडेय को 1616 मतों से पराजित कर दिया। गुरुवार को लाहुल स्पीति की एकमात्र सीट के लिए भुंतर के जनजातीय भवन में मतगणना की गई। इस दौरान यहां पर सुरक्षा प्रबंध पूरी तरह से कड़े रहे। सुबह आठ बजे मतों की गिनती आरंभ हुई तो दोपहर 12 बजे तक मतगणना का काम पूरा कर लिया गया। लाहुल में कुल 25496 मतदाता इस बार पंजीकृत थे और इसमें 18801 मतदाताओं ने अपने वोट का प्रयोग किया था।

यहां पर भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी के सुदर्शन जस्पा भी मैदान में थे। चुनाव आयोग के अनुसार रवि ठाकुर को 9948 वोट पड़े जबकि राम लाल मार्कंडेय केवल 8332 वोट ही ले पाए। वहीं आप के सुदर्शन जस्पा को केवल 454 मत ही मिले। इसके अलावा नोटा इस सीट में 67 वोटरों ने अबकी बार दबाया है। हालांकि जनजातीय जिला की इस सीट पर राम लाल ठाकुर के फिर से चुने जाने के दावे किए जा रहे थे लेकिन जनता ने उन्हे इस बार नकारा है। भुंतर में कुल 10 राउंड की मतगणना की गई तो सबसे पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट की गिनती हुई। हालांकि लाहुल के कर्मचारियों व 80 साल से अधिक के वोटरों ने राम लाल मार्कंडेय का जरूर साथ दिया है। उन्हे पोस्टल बैलेट में 274 वोट मिले तो कांग्रेस को केवल 214 वोट आप को 13 वोट ही मिल पाए। जिला निर्वाचन अधिकारी सुमित खिमटा ने रवि ठाकुर को निर्वाचन सर्टिफिकेट प्रदान किया तो इसके बाद भुंतर में खूब जश्न कार्यकर्ताओं ने मनाया। बहरहाल, जनजातीय जिला लाहुल स्पीति में कांग्रेस की वापसी हुई है और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अपनी सीट को बरकरार नहीं रख पाए।