मां पूछती थी; तेरा कुछ होगा भी, कि नहीं, शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचीं बुजुर्ग मां को लेकर बोले सुखविंदर सिंह सुक्खू

By: Dec 12th, 2022 12:07 am

शिमला के रिज पर शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचीं बुजुर्ग मां को लेकर बोले नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू

राज्य ब्यूरो प्रमुख — शिमला

हिमाचल सरकार की नई मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कहानी हर उस आम हिमाचली की तरह है, जो सुविधाओं के अभाव में भी लडऩा जानता है। रविवार को शपथ के दिन सुखविंदर सुक्खू की बुजुर्ग मां इस पल को देखने के लिए खुद शिमला आईं, तो इसके बारे में मीडिया ने भी मुख्यमंत्री से पूछा। जो जवाब सुक्खू ने दिया, वह एक हर आम घर की कहानी की तरह है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह जिस दौर में पैदा हुए, उस दौर में सरकारी नौकरी के पीछे हर कोई भागता था। पहला लक्ष्य यह होता था कि जैसे तैसे नौकरी लग जाए, तो जिंदगी बन जाए।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मेरी मां इतनी पढ़ी-लिखी नहीं थी और जल्दी शादी होने के कारण जिम्मेदारियां ज्यादा आ गई थीं, लेकिन उन्होंने स्टैंड लिया और अपने बच्चों को पढ़ाया। मैं 17 साल में कालेज में सीआर बना और एक वक्त संजौली और कोटशेरा दोनों कालेजों में चुना गया। मुझे लीडरशिप अच्छी लगती थी, इसलिए नौकरी का मोह नहीं था, लेकिन घर जब लोगों को साथ लेकर घूमता रहता था, तो मां कई बार पूछती थी कि तेरा कुछ होगा भी कि ऐसे ही लोग घर चले रहेंगे। इसके बावजूद उन्होंने मेरा साथ दिया। मेरे साथ जितने लोग भी घर आए, चाय-पानी का इंतजाम माता जी ही करती थी, लेकिन आज आखिर इतने साल की मेहनत सफल हुई और प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला।

मां के पैर छूए, फिर शपथ

हिमाचल को शपथ ग्रहण समारोह के साथ नए मुख्यमंत्री मिल गए हैं। रविवार को ऐतिहासिक रिज मैदान पर हुए समारोह में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री ने उपमुख्यमंत्री के पद पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान कुछ भावुक क्षण भी देखने को मिले। सुखविंदर सुक्खू की मां संसारो देवी भी परिवार के साथ बेटे को मुख्यमंत्री बनते हुए देखने से आई थीं। जैसे ही सुखविंदर सुक्खू ने रिज पर अपनी मांग को देखा, तो उन्होंने पहले पैर छूकर आशीर्वाद लिया, गले लगाया और फिर मंच पर मां को लाकर शपथ ली। इससे पहले सुखविंदर सुक्खू की माताजी से राहुल गांधी और प्रियंका ने भी बात की और गले लगाकर हालचाल जाना।

सीएम बनेंगे हमें पूरा विश्वास था

शिमला। हिमाचल प्रदेश का नया मुख्यमंत्री मिलने के बाद उनके परिवारजन भी बेहद खुश नजर आए। रिज पर शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की माता और पत्नी भी शामिल हुई। मुख्यमंत्री को दो बेटियां है। मीडिया से बातचीत में छोटी बेटी रुहुन ठाकुर ने बताया कि पापा को जो सम्मान प्रदेश की जनता ने दिया है उसे देखकर वे बहुत खुश है और उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। हिमाचल के साथ-साथ उन्होंने खासतौर पर नादौन की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जो भी वादे किए हैं वे सभी पूरे करेंगे इसकी उन्हें पापा से पूरी आशा है। जब पहली बार पता चला कि पापा मुख्यमंत्री बन गए हैं, तो घर पर अलग ही माहौल था। बड़ी बेटी कामून ने कहा कि मुझे बेहद खुशी है पापा ने काफी मेहनत की है। इसके साथ ही मां ने भी खूब मेहनत की है। लोगों ने पापा को मौका दिया इसके लिए वे जनता का दिल से आभार जताती है। वे दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई पूरी कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App