पंजाब सरकार का पूर्व विधायकों को निर्देश, 15 दिन में लौटाएं वीवीआईपी स्टिकर

By: Jan 29th, 2023 12:09 am

चुनाव हारने के एक साल के बाद भी नहीं किए वापस

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—चंडीगढ़
पंजाब विधानसभा ने पत्र जारी कर 90 पूर्व विधायकों को वीवीआईपी स्टिकर लौटाने को कहा है। आदेश में कहा गया है कि पूर्व विधायक 15 दिन में अपने स्टिकर वापस करें। गौरतलब है कि चुनाव जीतने के बाद विधायकों को विधानसभा की तरफ से ये स्टिकर दिए जाते हैं और हारने के बाद वापस करने होते हैं।

चुनाव हारने के एक साल के बाद भी इन विधायकों ने अपने स्टिकर वापस नहीं किए। इनमें प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जैसे बड़े नेताओं के नाम भी शामिल हैं। कहा जा रहा है कि पंजाब विधानसभा के एमएलए स्टिकर का दुरुपयोग हो रहा है। इसी को देखते हुए 15 दिन के अंदर स्टिकर वापस करने के निर्देश दिए गए हैं। इन विधायकों पर आप ने ट्वीट करके तंज कसा है। पार्टी ने ट्वीट में लिखा, रस्सी जल गई मगर बल नहीं गया। जिन अकाली दल और कांग्रेस वालों के लूट और झूठ को जनता ने सिरे से नकार दिया उनका विधायकी का खुमार अब भी नहीं उतरा। जब सरकार में थे तब भी जनता का पैसा लूटते थे।

टैक्स चोरी कर रहे
आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि पूर्व विधायक वीवीआईपी के स्टिकरों का टोल प्लाजा पर इस्तेमाल करके टैक्स चोरी कर रहे हैं। बिक्रम मजीठिया, सुखबीर सिंह बादल और प्रकाश सिंह बादल से लेकर चरणजीत सिंह चन्नी सहित कुल 90 पूर्व विधायक शामिल हैं, जिनको विधायक से पूर्व विधायक हुए को लगभग एक साल हो चुका है, लेकिन विधायकी वाला वीवीआईपी स्टीकर वापस देने को यह तैयार नहीं हैं। इन सभी लोगों के लिए विधानसभा में बाकायदा पत्र जारी करके तुरंत स्टिकर जमा करवाने के आदेश जारी किए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App