565 पुलिस जवान कर रहे ऊना की सुरक्षा

By: Jan 29th, 2023 12:53 am

जिला में 150 सीसीटीवी कैमरे अपराधियों पर रख रहे पैनी नजर, कैमरों की मदद से साल्व किए कई केस

सुधीर चौधरी- ऊना
जिला ऊना में 565 पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना की अधिकतर सीमा पंजाब राज्य के साथ सटी हुई है। ऐसे में कोई भी शातिर जिला ऊना के रास्ते हिमाचल में प्रवेश न कर पाएं, इसके लिए पुलिस ने जिला ऊना के 25 प्रवेश द्वारों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया है। इन प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ पुलिस का भी कड़ा पहरा रहता है। इसके अलावा पुलिस ने जिला ऊना के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर करीब 150 सीसीटीवी कैमरे इंस्टाल कर रखे है, जो चौबीस घंटे अपराधिक गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। यहीं नहीं सीसीटीवी कैमरों के जरिये पुलिस ने विभिन्न केसिज को भी सॉल्व किया है। सीसीटीवी कैमरे पुलिस के लिए सार्थक साबित हो रहे है। हालांकि इससे पहले पंजाब राज्य से शातिर जिला ऊना में अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देकर आसानी से पंजाब राज्य में दाखिल हो जाते थे। जिन्हें पकडऩे के लिए पुलिस को काफी पसीना बहाना पड़ता था, लेकिन अब सीसीटीवी कैमरों के जरिये पुलिस इन शातिरों को पंजाब से ढंूढ निकालने में कामयाब हो रही है। जिला ऊना में कुल सात पुलिस थाने हैं। वहीं ऊना मुख्यालय पर एक महिला पुलिस थाना भी है। इसके अतिरिक्त आधा दर्जन के करीब पुलिस चौकियां है।

महिला पुलिस थाना में केवल महिला पुलिस की ही तैनाती की गई है। जहां पर महिलाएं बिना किसी झिझक के अपनी बात रख रही है। महिला पुलिस थाना खुलने के बाद महिलाओं को भारी सुविधा मिली है। जबकि इससे पहले पुलिस थानों में महिलाएं झिझक के मारे अपनी शिकायत करने से पीछे हटती रही है। जिला ऊना की कमान एसपी अर्जित सेन ठाकुर व अडिशनल एसपी प्रवीण धीमान संभाल रहे है। दोनों काबिल अधिकारियों के कार्यकाल में पुलिस ने तकरीबन सभी केस कुछ ही दिनों में साल्व किए हैं। इनमें चाहे दुलैहड़ मर्डर मामला हो, अंब में युवती की हत्या का मामला हो या पंडोगा में एटीएम लूट का मामला हो। पुलिस ने कुछ ही दिनों में उक्त मामलों में संलिप्त आरोपियों को हवालात में पहुंचाया है। इन सभी केसिज में सीसीटीवी कैमरों ने केस सुलझाने में कड़ी का काम किया है। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App