सोशल मीडिया पर बना दिया राज्यपाल का फेक अकाउंट, साइबर सेल ने फेसबुक को लिखा पत्र

By: Jan 30th, 2023 1:45 pm

शिमला। साइबर ठगों ने अधिकारियों और पूर्व भाजपा मंत्रियों के बाद अब हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया है। साइबर ठग सोशल मीडिया पर राज्यपाल के नाम से पैसे मांग रहे हैं। राज्यपाल ने खुद फेसबुक पर लोगों से अपील की है कि वे इन फर्जी खातों को नजरअंदाज कर इन शातिरों के झांसे में न आएं। राज्यपाल के फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर पुलिस विभाग का साइबर सेल भी सतर्क हो गया है।

साइबर सेल के अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने साइबर ठगों का नाम-पता जानने के लिए फेसबुक प्रबंधन को पत्र लिखा है। उधर, एसपी साइबर क्राइम रोहित मालपानी ने बताया कि राज्यपाल के नाम से फर्जी खाते के मामले को लेकर फेसबुक को लिखित में पत्र भेजा गया है। इसमें साइबर ठगों का नाम और पता बताने के लिए कहा गया है। साथ ही फर्जी खाते को ब्लॉक करने की बात कही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App