किन्नौर ने पलकों पर बिठाए मंत्री जगत सिंह नेगी

पहली बार जिला पहुंचने पर राजस्व, बागबानी और जनजातीय विकास मंत्री का जोरदार स्वागत, खुशी में झूमे कार्यकर्ता और लोग

मोहिंद्र नेगी-रिकांगपिओ
प्रदेश सरकार में राजस्व, बागबानी एवं जनजातीय विकास मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने निर्वाचन क्षेत्र किन्नौर आगमन पर सरकार के कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी का किन्नौर का प्रवेश द्वार पर हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित आम जनमानस व जिला प्रशासन द्वारा वाद्य यंत्रों सहित फूल मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान किन्नौरी वाद्य यंत्रों सहित होमगार्ड की बैंड की खूब धुन बजी। भारी संख्या में लोग प्रवेश द्वार चोरा में नेगी के स्वागत में डटे रहे। इस दौरान लोग खूब झूमे। इसी तरह किन्नौर जिला के विभिन्न स्थानों पर भी लोगों ने श्री नेगी का जम कर स्वागत किया। इस दौरान पूरा प्रशासनिक महकमा किन्नौर के प्रवेश द्वार पर नेगी के स्वागत में पहुंचा। इस दौरान लंबे काफिले के बीच केबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी को किन्नौर लाया गया। (एचडीएम)

विकास में जनजातीय क्षेत्रों को नंबर वन बनाएगी सरकार
रिकांगपिओ। राजस्व, बागबानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों को विकास के मामले में नंबर वन बनाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जनजातीय क्षेत्र के साथ विकास के मामले में पक्षपात हुआ था। जगत सिंह नेगी शनिवार को जिला किन्नौर के भावानगर में आयोजित स्वागत समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की कायाकल्प होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कि दस गारंटियों पर कार्य जारी है और सभी को चरणबद्ध तरीके से पूरा भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में ओपीएस को मजूरी दी है और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन देने के लिए संसाधन जुटाए जा रहे हैं। इसी प्रकारए प्रदेश की 18-60 वर्ष की पात्र महिलाओं को 1500 प्रति माह मुहैया करवाने के लिए भी सब कमेटी बनाई गई है जो 30 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को प्रस्तुत करेगी। इसके अतिरिक्तए प्रदेश की जनता को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को नौ-तोड़ का अधिकार दिलाना भी प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को फल राज्य में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सेब का उचित मूल्य तथा गुणवत्ता को बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।