हाथ छोड़ मनप्रीत बादल ने थाम लिया कमल, पंजाब से भारत जोड़ो यात्रा के गुजरते ही कांग्रेस को झटका

By: Jan 19th, 2023 12:08 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

पंजाब से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा निकलते ही कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह बादल ने बुधवार को कांग्रेस छोडक़र भाजपा का दामन थाम लिया है। यह पहली बार नहीं है, जब मनप्रीत सिंह बादल ने किसी पार्टी को छोड़ा है। इससे पहले भी वह कई पार्टियां बदल चुके हैं। मनप्रीत बादल, प्रकाश सिंह बादल के भतीजे और सुखबीर बादल के चचेरे भाई हैं। 2016 में उन्होंने बादल परिवार के खिलाफ कांग्रेस से हाथ मिला लिया था। मनप्रीत सिंह लेफ्ट के साथ भी रहे। अपनी पार्टी बनाई और फिर एसएडी के साथ ही कांग्रेस में भी रहे और अब वह भाजपा में शामिल हो गए हैं। बताते चलें कि पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल भी विजिलेंस ब्यूरो के राडार पर आ गए हैं। मनप्रीत पर गेहूं और धान ढुलाई में फर्जी कंपनियां बनाकर सरकारी खजाने को लूटने का आरोप है। यह आरोप बठिंडा के पूर्व विधायक भाजपा नेता सरूप चंद सिंगला ने लगाए थे। कहा जा रहा है कि जांच और कार्रवाई से बचने के लिए वह भाजपा की शरण में गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App