आज रिज पर मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस

By: Jan 26th, 2023 12:45 am

राज्यपाल ध्वजारोहण के बाद लेंगे परेड की सलामी

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला
राजधानी के ऐतिहासिक रिज में गुरुवार को गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। रिज पर 11 बजे शुरू राज्य स्तरीय कार्यक्रम शुरू होगा और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ध्वजारोहण करके परेड की सलामी लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी उपस्थित रहेंगे। जानकारी के अनुसार प्रदेश का गणतंत्र दिवस समारोह का राज्य स्तरीय कार्यक्रम रिज पर आयोजित होंगे। राज्यपाल रिज पर 11 बजे पहुंचेंगे और 11:02 बजे वह ध्वजारोहण करेंगे और इसके साथ ही राष्ट्रीय गान होगा। 11:05 पर परेड का निरीक्षण किया जाएगा। 11:10 बजे पर टुकडिय़ों द्वारा राज्यपाल को सलामी दी जाएगी। 11:20 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। इन कार्यक्रमों में झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा देश भक्ति के गीत भी पेश किए जाएंगे। कार्यक्रम में कई रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

बर्फबारी की सूरत में गेयटी में होंगे कार्यक्रम
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक गणतंत्र दिवस पर होने वाली बर्फबारी की संभावनाओं को लेकर भी जिला प्रशासन पहले से ही तैयार है। यदि बर्फ गिरती है तो सांस्कृतिक कार्यक्रम गेयटी थियेटर में आयोजित होंगे, जिसके लिए गेयटी थियेटर को पहले से ही सजाया गया है। रिज के अलावा गेयटी थिएटर को भी सजाया गया है, ताकि हिमपात होने की स्थिति में भी कार्यक्रम सफल तरीके से आयोजित हो सके।

एसपी बोले, सुरक्षा के पूरे प्रबंध
पुलिस अधीक्षकसंजीव गांधी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी भी इस दौरान फील्ड में तैनात होंगे। पुलिस के 350 जवान स्पेशल ड्यूटी देंगे। इसके अलावा 3 ड्रोन कैमरा से रिज मैदान, स्कैंडल प्वाइंट और मालरोड पर नजर रखी जाएगी, जो भी लोग कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, उनकी बाकायदा चैकिंग होने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

मंत्री अलग-अलग जगह फहराएंगे तिरंगा
जिला शिमला के तीन मंत्री भी प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोहों में शिरकत करके ध्वजारोहण करेंगे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मंडी, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह बिलासपुर और पीडब्ल्यूडी एवं युवा खेल सेवाएं मंत्री विक्रमादित्य सिंह लाहुल-स्पीति में आयोजित होने वाले समारोहों में शिरकत करेंगे और यहां मार्चपास्ट की सलामी लेने के साथ ध्वजारोहण करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App