माइनस डिग्री में महिलाओं ने परेड मैदान से हटाई बर्फ

By: Jan 26th, 2023 12:55 am

महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश, केलांग में 40 सेंटीमीटर से ज्यादा पड़ी है बर्फ
मोहर सिंह पुजारी-कुल्लू
महिला वो शक्ति है, सशक्त है, वो भारत की नारी है, न ज्यादा में, न कम में, वो सब में बराबर की अधिकारी है। चाहे खेल हो या अंतरिक्ष विज्ञान, चाहे सरकारी कामकाज हो, हमारे देश की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वे कदम से कदम मिला कर आगे बढ़ रही हैं और अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन कर रही हैं। जी हां हम यहां उन महिलाओं की बात कर रहे हैं जिन्होंने माइनस डिग्री तापमान में बर्फ के फाहों के बीच और पांव तले एक फुट से ज्यादा पड़ी बर्फ में महिला सशक्तकरण का संदेश राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौक पर बर्फ में अपना कत्र्तव्य और कार्य निभाकर दिया। यही इन महिलाओं की मतदाता दिवस पर सच्ची शपथ रही। हालांकि पूरे देश ने बुधवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ ली हो, लेकिन हिमाचल प्रदेश के लाहुल-स्पीति जिला मुख्यालय में महिलाओं ने गजब की शपथ ली। यह शपथ राष्ट्रीय मतदाता दिवस के लिए भी रही और गणतंत्र दिवस अच्छा मनाया जाए, इस मकसद से परेड मैदान से माइनस डिग्री तापमान में बर्फ के फाहों के बीच बर्फ हटाने का कार्य दिनभर किया। पुरुष कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलकार लाहुल की महिला कर्मचारियों ने बर्फ हटाने का कार्य किया।

जिला लाहुल-स्पीति के केलांग मुख्यालय में गणतंत्र दिवस की परेड के लिए ग्राउंड को लोक निर्माण विभाग के कर्मियों द्वारा बर्फ हटाने का कार्य तीव्र गति से करवाया गया। इस कार्य में पुरुष के साथ महिला कर्मचारी भी शामिल रहीं। बीते मंगलवार से ही केलांग में रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर जारी रहा। बुधवार दोपहर तक जिला मुख्यालय में 40 सेंटीमीटर के करीब हिमपात दर्ज किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि लोक निर्माण विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। उपायुक्त सुमित खिमटा ने बताया कि सीमा सडक़ संगठन को नेशनल हाई-वे 03 को क्लीयर करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं, ताकि फोर बाई फोर वाहनों की आपातकालीन स्थिति में आवाजाही सुचारू रूप से हो सके। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App