महाशिवरात्रि में ग्रह-नक्षत्रों का शुभ संयोग

By: Feb 4th, 2023 12:01 am

पूरी होंगी मनोकामना, कुंभ राशि में शनि-सूर्य की युति बनाएगी बड़ा परिवर्तनकारी योग

निजी संवाददाता — जवाली

फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है तथा इस साल 18 फरवरी को महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इस साल ज्योतिष की नजर से भी महाशिवरात्रि बहुत अहम है। महाशिवरात्रि के दिन 30 साल बाद ग्रह-नक्षत्रों का बेहद शुभ संयोग बन रहा है, जो हर मनोकामना पूरी करने वाला है। जवाली के ज्योतिषी पंडित विपन शर्मा ने बताया कि इस बार महाशिवरात्रि पर 30 साल बाद दुर्लभ संयोग बनने जा रहा है। इस साल शिव के भक्त शनि देव महाशिवरात्रि के दिन अपनी मूल त्रिकोण राशि कुंभ में रहेंगे। इतना ही नहीं, इस समय ग्रहों के राजा सूर्य भी कुंभ राशि में ही रहेंगे। इस तरह महाशिवरात्रि पर कुंभ राशि में शनि-सूर्य की युति बड़ा परिवर्तनकारी योग बनाएगी। साथ ही धन-लग्जरी के दाता शुक्र अपनी उच्च राशि मीन में रहेंगे। इस तरह महाशिवरात्रि के दिन ग्रहों का यह बेहद शुभ संयोग शिव की अपार कृपा दिलाने वाला है। इस दिन शनि दोष दूर करने के उपाय करें। इसके अलावा कालसर्प दोष दूर करने के उपाय भी इस दोष से राहत दिलाएंगे।

चार पहर की पूजा का शुभ मुहूर्त

महाशिवरात्रि पर चार पहर की पूजा की जाती है। इस साल प्रथम पहर पूजा का मुहूर्त 18 फरवरी को शाम 6:41 से रात 9:47 बजे तक रहेगा। द्वितीय पहर पूजा के लिए शुभ मुहूर्त रात 9:47 से रात 12:53 बजे तक, तृतीय पहर पूजा मुहूर्त 18-19 फरवरी की मध्यरात्रि 12:53 से 3:58 बजे तक रहेगा। वहीं चतुर्थ पहर पूजा मुहूर्त 19 फरवरी की सुबह 3:58 से सुबह 7:06 बजे तक रहेगा। महाशिवरात्रि व्रत पारण का समय 19 फरवरी की सुबह 6:11 से दोपहर 2:41 बजे तक रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App