विशेष

हिमाचल के होनहार युवाओं से 5 साल से हो रहा था धोखा, हर बार 60 फीसदी भर्तियों में धांधली

By: Feb 2nd, 2023 11:23 am

शिमला। यह फ्रॉड आज का नहीं, बल्कि पिछले पांच साल से चल रहा था। दिन-रात कड़ी मेहनत कर सरकारी नौकरी का सपना संजोए जो नौजवान भविष्य का सफरनामा लिख रहे थे, उन्हें क्या पता था कि कुछ भ्रष्टाचारी उनके भविष्य को कांटों से बुन रहे हैं। हम बात कर रहे हैं हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग की, जिसकी साख पर पेपर लीक प्रकरण ने बट्टा लगा दिया है।

जोओए-आईटी पेपर लीक प्रकरण से सुर्खियों में आए कर्मचारी चयन आयोग के कुछ कथित भ्रष्ट अधिकारियों ने पहाड़ी युवाओं के सुनहरे भविष्य में अंधकार का ऐसा बीज बो दिया है, जो अब अंकुरित होकर दिन-रात उन्हें सपनों में डरा रहा है। मौजूदा समय में पेपर लीक प्रकरण की जांच दो एजेंसियां कर रही हैं और उनकी रिपोर्ट नित नए खुलासे कर रही हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को जो रिपोर्ट जांच एजेंसियों ने सौंपी है, उसमें खुलासा हुआ है कि पिछले पांच साल से यह जालसाजी का धंधा चल रहा था और लगभग हर एग्जाम में 60 प्रतिशत भर्तियों में धांधली हुई है।

अब प्रश्र यह उठता है कि पांच साल में आखिर कितने होनहार बेरोजगार युवाओं से अन्याय हुआ होगा, कितने ऐसे नौजवान रहे होंगे, जिन्होंने सरकारी नौकरी का सपना देखकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की होगी। निश्चय ही यह जांच का विषय है। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या कुछ निकलता है, होनहार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले कितने भ्रष्ट अधिकारी सलाखों के पीछे होते हैं। प्रदेश के युवाओं को मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू से पूरी उम्मीद है कि उनसे इनसाफ होगा।