11000 करोड़ की लायबिलिटी भी कर्ज के साथ जोडऩा गलत, और क्या बोले नेता प्रतिपक्ष, जाने यहां

By: Feb 7th, 2023 12:08 am

नेता प्रतिपक्ष जयराम बोले प्रदेश में आर्थिक हालात बिगड़े तो कांग्रेस होगी जिम्मेदार

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

सत्ता परिवर्तन के बाद जो सरकार सत्ता में आती है, उसको लायबिलिटी के रूप में कई खर्चे साथ में मिलते हैं जैसे डीए की किस्त हो या पेंशन की देनदारी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बार-बार 11 हजार करोड़ का राग अलाप रहे हैं और इसे कर्ज में जोड़ रहे है, जो बिलकुल गलत है। यह बात नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कही। उनके अनुसार जब भाजपा भी सत्ता में आई थी तो उन्हेेंं पूर्व कांग्रेस सरकार की लायबिलिटी को देना पड़ा था। शायद वर्तमान सरकार को यह सरल कैलकुलेशन समझ नहीं आ रहा है। बार-बार 11000 करोड़ के बारे में बात कर कांग्रेस सरकार इसको कर्ज के साथ न जोड़े। सिर्फ आंकड़ों के माया जाल से जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता। अगर प्रदेश पर कर्ज़ बढ़ा है तो उसमें कांग्रेस का सबसे बड़ा योगदान है। आज तक प्रदेश में 10 बार कांग्रेस की सरकार रही है और जब भी कांग्रेस सत्ता में आई है, तो भाजपा की सरकार से 2 से 3 गुना अधिक कर्ज उन्होंने लिया है।

प्रदेश में श्रीलंका जैसे हालात कैसे हो जाएंगे

मुख्यमंत्री सुक्खू कह रहे हैं कि हिमाचल प्रदेश में श्रीलंका जैसे हाल हो जाएंगे, अगर श्रीलंका जैसे हाल हो जाएंगे तो उसके लिए सबसे बड़ी जिम्मेदार कांग्रेस है। जो वादे उन्होंने जनता से किए हैं, उसके लिए सालाना हजारों करोड़ों का खर्चा बढ़ जाएगा और हिमाचल में विकास कार्य ठप हो जाएगा। सीएम कह रहे हैं कि मुझे चार साल चाहिए इस प्रदेश की अर्थव्यवस्था सुधारने के लिए, पर चार साल बाद तो जनता ही इस सरकार को रुख्सत कर देगी।

अधिकारी भी कर रहे सरकार को गुमराह

सच्चाई सभी सरकारी अधिकारियों को पता है, पर कुछ अधिकारी सरकार को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। संस्थाओं को चलाने के खर्च को भी कर्ज में जोड़ा जा रहा है, यह कैलकुलेशन भी बिलकुल गलत है। अगर संस्था खोली जाती है, तो उससे विकास बढ़ता है। अब तो 620 से अधिक संस्थान बंद कर दिए हैं। इन्हें बंद कर पैसा बचता नहीं है, अपितु विकास बाधित होता है। यह कांग्रेस सरकार को समझना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App