महिला आईपीएल में हिमाचली बेटियों पर धन वर्षा

By: Feb 14th, 2023 12:08 am

तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर को सबसे ज्यादा डेढ़ करोड़; सुषमा वर्मा को 60 लाख, हरलीन दयोल को मिले 40 लाख

टीम — शिमला, धर्मशाला

महिला आईपीएल के लिए क्रिकेटरों की सोमवार को हुई नीलामी में हिमाचल की बेटियों पर खूब धनवर्षा हुई है। भारत की स्टार तेज गेंदबाज और हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर को रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर ने डेढ़ करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए था। विकेटकीपर-बल्लेबाज सुषमा वर्मा को 60 लाख में गुजरात जाएंट्स ने अपनी टीम में शामिल किया है। उनका बेस प्राइस 30 लाख था। इसी तरह आलराउंडर हरलीन दयोल को भी गुजरात जाएंट्स ने 40 लाख रुपए में अपनी टीम का हिस्सा बनाया है। हरलीन का बेस प्राइज 40 लाख रुपए ही था। महिला आईपीएल के पहले सीजन की नीलामी सोमवार को मुंबई में हुई। नीलामी में हिमाचल की पांच खिलाडिय़ों हरलीन दयोल, सुषमा वर्मा, रेणुका ठाकुर, वसुवी फिस्टा और चित्रा जमवाल को शॉर्ट लिस्ट किया गया था।

हालांकि नीलामी के पहले चरण में शेष दो खिलाडिय़ों पर किसी टीम ने दांव नहीं लगाया। देश भर में कुल 1525 खिलाडिय़ों ने महिला आईपीएल की ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था, जिसमें से 409 खिलाडिय़ों को शॉर्ट लिस्ट किया गया है। इनमें 246 भारतीय और 163 विदेशी खिलाड़ी रहे। गौर हो कि शिमला की रहने वाली तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर ने रेलवे से रजिस्ट्रेशन किया था। एचपीसी से हरलीन दयोल ने 40 लाख रुपए के बेस प्राइज से रजिस्ट्रेशन किया। हरलीन अभी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। सुषमा वर्मा ने 30 लाख रुपए के बेस प्राइज में रजिस्ट्रेशन किया था और वह भी भारतीय टीम का हिस्सा रही हैं। इसके अलावा अनकैप्ड खिलाडिय़ों में रोहडू की वसुवी फिस्टा, चित्रा सिंह जमवाल और सुष्मिता कुमारी ने 10 लाख के बेस प्राइज पर रजिस्ट्रेशन करवाया था।

स्मृति मंधाना को मिले 3.40 करोड़ रुपए

मुंबई। देश में पहली बार शुरू हो रही विमंस प्रीमियर लीग के लिए सोमवार को हुई खिलाडिय़ों की नीलामी में भारत की स्मृति मंधाना सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। उन्हें 3.40 करोड़ रुपए में रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर ने अपने साथ जोड़ा। आस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर को 3.20 करोड़ रुपए में गुजरात जायंट्स ने खरीदा औश्र बवह सबसे महंगी विदेशी खिलाड़ी रहीं। इसके अलाव नताली सीवर ब्रंट को मुंबई ने 3.20 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा। वह इंग्लैंड की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स, शैफाली वर्मा और हरमीनप्रीत कौर को भी खूब पैसे मिले। (विस्तृत समाचार खेल पेज पर)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App