13 साल से शारीरिक शिक्षकों की नहीं हुई प्रोमोशन, अब मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से उठाई मांग

By: Feb 6th, 2023 3:55 pm

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

शिमला। अनुबंध से नियमित कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान नरेश कुमार ने प्रदेश मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से मांग की है कि प्रदेश के 475 के लगभग वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में डीपीई के पद सृजित किए जाएं। इसके साथ ही 180 के लगभग शारीरिक शिक्षकों की एकमुश्त पदोन्नति दी जाए।

महासंघ का कहना है कि पिछले दो वर्षों से शारीरिक शिक्षको की पदोन्नति रुक गई है। उन्होंने कहा कि नियुक्तियां कमीशन के माध्यम से 12 से 13 वर्ष पहले दूसरे जिलों में हुई थीं, 12 से 13 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद भी पदोन्नति नहीं हो पा रही है और पिछले 2 वर्षों से पदोन्नति रूक गई है। विभाग हर बार शारीरिक शिक्षकों की पदोन्नति के लिए नाम तो मांग लेता है, लेकिन पदोन्नति सूची जारी नही कर पाता है। इसका मुख्य कारण है प्रदेश के 475 के लगभग वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में डीपीई के पद सृजित ही नहीं है।

पूर्व सरकार में सीएंडवी की अंतर जिला स्थानांतरण में नीति में बदलाव कर स्थानान्तरण नीति बनाई है, लेकिन इसका दूसरे जिलों में नियुक्त हुए शारीरिक शिक्षकों को लाभ नही मिल पा रहा क्योंकि स्थानान्तरण नीति में वरिष्ठता समाप्त हो जाएगी ओर पदोन्नति के लाभ से वंचित हो जाएंगे, जिसके कारण अपने गृह जिले में अपनी सेवाएं नही दे सकते। अब पदोन्नति ही एक रास्ता है, जिससे अपने गृह जिले में सेवाएं दे सकते हैं। प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द पदोन्नति प्रकिया शुरू करने की मांग की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App