बजट में युवा मंत्रालय का रखा विशेष ध्यान, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सरकार को कहा थैंक्स

By: Feb 3rd, 2023 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर

केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग ठाकुर ने वित्त वर्ष 2023-24 के केंद्रीय बजट में मोदी सरकार द्वारा खेल व युवा मंत्रालय का विशेष ध्यान रखने की बात कही है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार प्रकट किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में मोदी सरकार ने युवा व खेल मंत्रालय का बजट 3062.50 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 3397.32 करोड़ रुपए कर दिया गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 335 करोड़ ज्यादा है। अगर पीछे देखा जाए तो वर्ष 2013- 14 में युवा व खेल मंत्रालय का बजट मात्र 1093 करोड़ था, यानी की मोदी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में तीन गुना से भी ज्यादा बढ़ाया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के लिए बजट 283.50 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 325 करोड़ रुपए किया गया है – इससे देश भर के स्कूलों और कालेजों में अधिक एनएसएस इकाइयों के निर्माण में सहायता मिलेगी। नेशनल स्पोट्र्स फेडरेशन को सहायता हेतु बजट को 280 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 325 करोड़ रुपए कर दिया गया है। राष्ट्रीय खेल विज्ञान एवं अनुसंधान केंद्र के लिए 13 करोड़ रुपए का बजट आबंटित किया गया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेलो इंडिया आज भारत में चलने वाली जमीनी स्तर की सबसे बड़ी खेल प्रतिभा पहचान और पोषण योजना है। वर्तमान में पूरे देश में 700 से अधिक खेलो इंडिया केंद्र हैं जिसे इस वर्ष के अंत तक 1000 करने का संकल्प है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App