पंजाब का भाईचारा खराब करने पर कार्रवाई, धालीवाल बोले, सख्ती से निपटेगी मान सरकार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—चंडीगढ़
आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने पंजाब में कानून व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि जो भी पंजाब का माहौल बिगाडऩे या पंजाब को विकास की राह से भटकाने की कोशिश करेगा, मान सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। सोमवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि उनके पास लगातार पंजाब और विदेशों से लोगों के फोन आ रहे हैं और वे असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस कार्रवाई के लिए मान सरकार की सराहना करते रहे हैं। उन्होंने पंजाब में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इतना बड़ा कदम उठाने के लिए भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार की तारीफ की और कहा कि इससे साबित होता है कि मान सरकार कानून व्यवस्था को लेकर कितनी गंभीर है। पंजाब में किसी भी असामाजिक तत्व को पनपने नहीं दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में पंजाब में बहुत कुछ हुआ है लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब बिलकुल सुरक्षित है। सीएम मान पंजाब में शांति बनाए रखने के लिए कड़े फैसले ले रहे हैं। उन्होंने मान सरकार पर विश्वास करने के लिए पंजाब के लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि पंजाब के लोगों ने हमेशा भाइचारे और सद्भाव की भावना दिखाई है। हमारी सरकार उन लोगों को नहीं बख्शेगी, जो पंजाब के खिलाफ सोचते हैं या पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। मान सरकार कड़े फैसले लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की तारीफ करते कहा उन्होंने इस मामले की बारीकी से निगरानी की और पूरी प्रक्रिया का मार्गदर्शन किया।