ऊना की बल्ले-बल्ले

By: Mar 18th, 2023 12:56 am

बजट में रखा हर वर्ग का ख्याल, ऊना को बाइपास की सौगात, लोग खुश
जतिंद्र कंवर- ऊना
सुक्खू सरकार के पहले बजट में ऊना को बाइपास के रूप में सौगात मिली है। इससे ऊना वासियों के चेहरे खिल उठे है। ऊना शहर में जनता को पिछले लंबे अरसे से जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इससे निजात दिलाने के लिए ऊना में फ्लाई ओवर या बाईपास की एक नई बहस करीब 6 वर्ष पहले शुरू हो गई थी,जिसे अब विराम लग जाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री ने ऊना शहर के लिए एक फ्लाई ओवर की घोषणा 6 वर्ष पूर्व की थी। फ्लाई ओवर की घोषणा के बाद से ही ऊना वासी इसको लेकर दो खेमों में बंट गए थे। अधिकतर लोग ऊना में फ्लाईओवर के स्थान पर बाईपास की संभावनाओं को टटोलने के पक्षधर थे। कांग्रेस पार्टी से पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने तो ऊना में रिंग रोड बनाने का सुझाव दिया था तथा हाल ही में उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु से मिलकर बाईपास के निर्माण के लिए बजट में अपेक्षित बजट प्रावधान किए जाने की मांग भी की थी।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु ने उन्हें बाकायदा बाईपास के लिए 500 करोड़ दिए जाने का भी भरोसा जताया था। अब अपने पहले बजट में सुक्खु सरकार ने ऊना में बाईपास के निर्माण की घोषणा करके उस वादे को अमलीजामा पहनाने की दिशा में अहम कदम बढ़ा दिया है। पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने ऊना शहर को बढ़ती ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए रिंग रोड बनाने का सुझाव दिया है,जिसके तहत चंडीगढ़,धर्मशाला व हमीरपुर से आने वाली ट्रैफिक को शहर से बाहर डायवर्ट करते हुए आपस में कन्नेक्ट किया जा सकें व ऊना शहर को अनावश्यक ट्रेफिक से बचाया जा सकें। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल ने भी बाईपास के निर्माण की बजटीय घोषणा का स्वागत किया है। व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सुमेश शर्मा ने कहा कि बाईपास बनाए जाने से शहर विकसित होगा और नई दुकानें खुलेगी। जिससे लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। ऊना जनहित मोर्चा के अध्यक्ष राजीव भनोट ने भी बाइपास के निर्माण के लिए बजट में की गई घोषणा का स्वागत किया है। (एचडीएम)

सतपाल रायजादा ने बजट को सराहा
वहीं, ऊना के पूर्व विधायक व प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा ने ऊना शहर को बढ़ती ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए बाइपास के निर्माण के लिए बजट में घोषणा के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु का विशेष आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ऊना शहर को अनावश्यक ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए बाइपास का निर्माण ही बेहतर विकल्प है। जोकि हमीरपुर, धर्मशाला व चंडीगढ़ से आने वाली ट्रेफिक को ऊना शहर से बाहर कन्नेक्ट कर सकें। इससे ऊना शहर को अनावश्यक ट्रैफिक से छुटकारा मिलेगा। वहीं सतपाल रायजादा ने बजट को सराहनीय बताया।

लगातार बढ़ रही थी जाम की समस्या

ऊना शहर में पुरा दिन कालेज से लेकर सब्जी मंडी तक जाम की स्थिति बनी रहती है। पेखूवेला में आईओसीएल का डिपो खुलने तथा शहर के बीचो-बीच बस अडडा बनने से जाम की समस्या ने विकराल रूप धारण किया है। ऊना के मलाहत में पीजीआई सेटेलाईट सेंटर प्रस्तावित है। इसके बनने के बाद शहर में ट्रेफिक पर लोड और बढ़ेगा। फेस्टीवल सीजन में तो शहर से वाहन निकालना दूभर हो जाता है। जबकि रोजाना सुबह-शाम पीक टाईम में ऊना शहर में दो से चार किलोमीटर के सफर के लिए 15 से 20 मिन्ट लग रहे है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App