गांधी चौक में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रदद् करने पर जिला कांग्रेस लाल, जमकर की नारेबाजी

स्टाफ रिपोर्टर-हमीरपुर
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने को लेकर जिला कांग्रेस तलख हो गई है। विरोध स्वरूप सोमवार को जिला कांग्रेस की तरफ से गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी के ऊपर षड्यंत्र के तहत कार्रवाई की गई है। यह बहुत की शर्मनाक है। हमीरपुर जिला कांग्रेस ने गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में रोष प्रदर्शन किया और धरना दिया। इस अवसर पर पार्टी वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिता वर्मा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी व कांग्रेस फ्रंटल आर्गेनाइजेशन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि उनके नेता के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा षड्यंत्र किया जा रहा है। राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा पूरी तरह से बौखला चुकी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन कर रही है और केंद्र सरकार की तानाशाही नीति के खिलाफ आगे भी आवाज बुलंद करती रहेगी। प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिता वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लोकतांत्रिक ढांचे को खत्म करने में लगी है, जिसका कांग्रेस पार्टी विरोध करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन हो रहा है और कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ विरोध करती रहेगी। केंद्र सरकार अडानी के मुद्दे पर जवाब देने के स्थान पर विपक्ष को निशाने पर ले रही है। धरना-प्रदर्शन में कई कांग्रेस नेता तथा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।