अंडा उत्पादन में छुआ 11 करोड़ का आंकड़ा, प्रदेश में दूसरी बार एक साल में 11 करोड़ से ज्यादा अंडों की पैदावार

By: Mar 20th, 2023 12:06 am

हिमाचल प्रदेश में दूसरी बार एक साल में 11 करोड़ से ज्यादा अंडों की पैदावार

जयदीप रिहान — पालमपुर

अंडों के उत्पादन में प्रदेश ने दूसरी बार 11 करोड़ के आंकड़े को पार किया है। पोल्ट्री उद्योग व बैकयार्ड पोल्ट्री को दिए जा रहे प्रोत्साहन के साथ अंडों के उत्पादन का ग्राफ एक बार फिर पटरी पर आता दिख रहा है। प्रति व्यक्ति अंडों की उपलब्धता का आंकड़ा राष्ट्रीय औसत से बहुत कम है। राष्ट्रीय स्तर पर जहां अंडों के उत्पादन में बढ़ोतरी देखी जा रही है, वहीं प्रदेश में भी लगातार पांचवें साल अंडों का उत्पादन दस करोड़ की संख्या को पार कर गया है। जानकारी के अनुसार 2018-19 में प्रदेश में 1007 मिलियन अंडों का उत्पादन हुआ था और 2019-20 में यह आंकड़ा 1066.21 मिलियन रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर अंडों के उत्पादन का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और 1950-51 के 1832 मिलियन से बढक़र 2021-22 में 122 बिलियन तक जा पहुंचा था। बढ़ते उत्पादन के चलते ही राष्ट्रीय स्तर पर प्रति व्यक्ति सालाना अंडों की उपलब्धता का आंकड़ा 91 तक पहुंच गया है।

वहीं प्रदेश में 2015-16 में यह आंकड़ा गिरकर 12 तक जा पहुंचा था, जो कि 2017-18 और 2018-19 में 14 के बाद अब 15 तक पहुंचा है। प्रति व्यक्ति सालाना अंडों की उपलब्धता की सूची में भी हिमाचल नीचले प्रदेशों में शामिल है। राष्ट्रीय स्तर पर अंडों के उत्पादन का ग्राफ हर साल बढ़ रहा है। 2013-14 में 74752 मिलियन, 2014-15 में 78484, 2015-16 में 82929, 2016-17 में 88137, 2017-18 में 95217, 2018-19 में 103804 और 2019-20 में 114383 मिलियन और 2021-22 में 122 बिलिययन तक जा पहुंचा है। अंडों के उत्पादन की बढ़ती संख्या के चलते ही प्रति व्यक्ति उपलब्ध अंडों का आंकड़ा भी 2016-17 के 69 के मुकाबले अब 91 पर पहुंच गया है। राष्ट्रीय स्तर पर अंडों के उत्पादन में आधं्र प्रदेश, तमिलनाडू, तेलंगाना अग्रणी राज्यों में शामिल हैं। 2014-15 के बाद प्रदेश में अंडों की पैदावार का ग्राफ गिरने लगा था, लेकिन 2018-19 के बाद से एक बार फिर से उछाल देखने को मिला। 2020-21 में 11 करोड़ के आंकड़े को पहली बार छुआ गया, जबकि 2022-23 में फिर यह आंकड़ा पार कर लिया है। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App