केदारनाथ धाम के लिए हेलिकॉप्टर का सफर महंगा

By: Mar 20th, 2023 12:02 am

एजेंसियां—देहरादूून

हेलिकॉप्टर से केदारनाथ धाम का सफर तय करने वाले तीर्थ यात्रियों की जेब पर इस बार ज्यादा भार पड़ेगा। हेलिकॉप्टर के किराए में बढ़ोतरी हुई है। तीन साल बाद हेली कंपनियों ने किराए में बढ़ोतरी की है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने सिरसी और फाटा से चार कंपनियों को हेली सेवा संचालन के लिए चयन किया गया है। केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी, फाटा से हेली सेवा का संचालन किया जाता है। यूकाडा ने 2020 में नौ कंपनियों के साथ हेली सेवा संचालन के लिए अनुबंध किया था। 2022 में अनुबंध खत्म होने के बाद इस बार यूकाडा ने नए सिरे से हेली कंपनियों का चयन करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। फाटा और सिरसी हेलीपैड से चार कंपनियों को हेली संचालन के लिए चयनित किया गया है। इसमें फाटा से पवन हंस, कैट्रल एविएशन और सिरसी से हिमालयन हेली, कैट्रल एविएशन के माध्यम से हेली सेवा संचालित की जाएगी। फाटा से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा से आने-जाने का किराया प्रति यात्री 5500 रुपए और सिरसी से केदारनाथ के लिए 5498 रुपए तय किया गया।