देश में अब हिटलरशाही का दौर

By: Mar 25th, 2023 12:10 am

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र की हत्या करार

स्टाफ रिपोर्टर- गगरेट
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं पूर्व उद्योग मंत्री कुलदीप कुमार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने को लोकतंत्र की हत्या करार दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर किए गए इस कृत्य से यह भी साबित हो गया है कि देश में अब लोकतंत्र नहीं बल्कि हिटलरशाही का दौर चल रहा है। उन्होंने कहा कि महज केंद्रीय जांच एजेंसियां ही नहीं बल्कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि केंद्र सरकार व भाजपा ने न्यायपालिका का भी मजाक बनाकर रख दिया है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इतिहास में आज का दिन भविष्य में काले दिन के रूप में याद किया जाएगा। यहां जारी प्रैस विज्ञप्ति में कुलदीप कुमार ने कहा कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे केंद्र सरकार दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए हर तरीका आजमाने को जुट गई है। केंद्र सरकार के इस कार्यकाल में हत्यारे, बलात्कारी तो बाहर घूम सकते हैं। उनका कोई बाल बांका नहीं कर सकता लेकिन विपक्षी दलों के नेताओं के लिए कड़े नियम व कानून हैं। जिसने भाजपा का लबादा ओढ़ लिया वे बेशक जितना मर्जी बड़ा अपराधी हो वह पाक दामन हो जाता है और जिसने भी भाजपा व केंद्र सरकार के विरुद्ध मुंह खोलने का प्रयास किया उस कुचलने के लिए हर दांव आजमाया जाता है। वहीं, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से वह भाजपा की आंखों में चुभने लगे थे और राहुल गांधी के विरुद्ध कार्रवाई इसी चुभन का परिणाम है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App