जल शक्ति मंडल राजगढ़ फिर से बहाल

विधायक रीना कश्यप के विधानसभा सत्र में विरोध के बाद सीएम ने दिया था आश्वासन

नितिन भारद्वाज – राजगढ़
राजगढ़ के जल शक्ति मंडल को फिर से बहाल कर दिया गया है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने पूर्व सरकार द्वारा चुनावी वर्ष में खोले गए सैकड़ों कार्यालयों को डीनोटिफाई कर दिया था और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र का एकमात्र जल शक्ति मंडल राजगढ़ भी रद्द हो गया था। राजगढ़ के जल शक्ति मंडल के रद्द होने से क्षेत्रवासियों में निराशा थी और पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने विधानसभा सत्र के दौरान जल शक्ति मंडल को डीनोटिफाई करने का विरोध जताया था। उन्होंने अन्य कार्यालयों के साथ जल शक्ति मंडल को बहाल करने की जोर-शोर से मांग की थी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी उनकी प्रशंसा की थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा था कि वह विधानसभा में एकमात्र महिला हैं और कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करती है और उनके क्षेत्र के जल शक्ति मंडल की समीक्षा की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अपनी बात पर अमलीजामा पहनाते हुए जल शक्ति मंडल राजगढ़ को बहाल कर दिया है और राज्यपाल द्वारा इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। रीना कश्यप ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की भाजपा सरकार ने 10 मई, 2022 को क्षेत्रवासियों को जल शक्ति मंडल की सौगात दी थी। 29 जुलाई को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप द्वारा इसका विधिवत उदघाटन किया गया था और राजगढ़ जल शक्ति मंडल में अधिशाषी अभियंता सहित स्टाफ भी मुहैया करवा दिया गया था और मंडल सुचारू रूप से चल रहा था। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद डीनोटिफाई किए गए कार्यालयों की सूची में जल शक्ति मंडल भी शामिल था। (एचडीएम)