मिस हिमाचल की फर्स्ट रनरअप रवितनया शर्मा की ऊंची उड़ान, जीता मिस नवी मुंबई 2023 का खिताब

शिमला। हिमाचल की रवितनया शर्मा ने मुंबई में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। शिमला की रवितनया ने मिस नवी मुंबई 2023 का ताज जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। रवितनया दिव्य हिमाचल द्वारा प्रायोजित मिस हिमाचल-2020 में फस्र्ट रनरअप व मिस स्टाइल दीवा टाइटल से नवाजी गई थीं। रवितनया दो पुस्तकों की ऑथर भी हैं।
मिस नवी मुंबई 2023 नवी मुंबई के होटेल फोर प्वाइंटस में यू एंड आई एंटरटेनमेंट द्वारा आयोजित किया गया, जिसके मैनेजिंग डायरेक्टर मिस्टर हरमीत सिंह गुप्ता जी हैं। सैकड़ों युवतियों में टाप 14 का चयन हुआ था, जिनकी ग्रूमिंग के साथ व्यक्तिगत निर्माण की कोचिंग भी दी गई। ज्ञात रहे कि इस तरह की सौंदर्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को शारीरिक सुंदरता के साथ-साथ बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान, आत्मविश्वास, वाकपटुता व बुद्धिमता की कसौटी से होकर गुजरना पड़ता है। ट्रेडिशनल राउंड, वेस्टर्न राउंड, इवनिंग गाउन राउंड के साथ इंट्रोडक्शन राउंड वह क्योशचन आंसर रांउड से गुजरकर रवितनया ने यह सौंदर्य प्रतियोगिता जीतकर न केवल माता पिता बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता जीतने के साथ रवितनया ने मिस स्टाइल आइकन का टाइटल भी जीता है।
प्रतियोगिता का ऑडिशन जनवरी, 2023 में हुआ था व विभिन्न स्तरों को पार करते हुए 4 मार्च को टाप 14 युवतियों का ग्रैंड फिनाले में खड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें अंतत: रवितनया शर्मा की ताजपोशी हुई। रवितनया पढ़ाई में हमेशा टॉपर रही है व इस समय एमबीए की शिक्षा ग्रहण कर रही है। उसकी प्रारंभिक शिक्षा कॉन्वेंट ऑफ़ जिजस एंड मेरी चेलसी, लॉरेटो कॉन्वेंट ताराहोल और सेंट बीड्स कालेज शिमला से हुई है। रवितनया शर्मा मुख्यमंत्री हिमाचल से वूमन पावर अवार्ड, पूर्व राज्यपाल आचार्य देवव्रत से स्वामी विवेकानंद प्रतिभा सम्मान आदि सम्मानों के साथ अनेक संस्थाओं से सम्मानित हो चुकी हैं। पढ़ाई के साथ इस वक्त वह अपनी तीसरी पुस्तक पर काम कर रही है जिसका शीघ्र प्रकाशन होने वाला है। रवितनया विश्व महिला दिवस की समस्त महिलाओं को बधाई देते हुए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजगता के साथ स्वाबलंबी होने का संदेश देते हुए उन्हें समाज में अपना स्वतंत्र व्यक्तित्व बनाने का संदेश दे रही हैं, ताकि वे सम्मान के साथ जी सकें।