अमृतपाल के गिरफ्तार पांच समर्थकों पर लगा एनएसए; मुख्य आरोपी अब भी फरार, पूरे प्रदेश में छापामारी

मुख्य आरोपी अब भी फरार, पूरे प्रदेश में की जा रही है छापामारी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़
पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर जनरल हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने सोमवार को बताया कि खालिस्तानी अमृतपाल सिंह और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के खिलाफ क ार्रवाई में गिरफ्तार हुए पांच लोगों पर नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) लगाया गया है। ये पांचों अमृतपाल सिंह के काफी करीबी हैं। उन्होंने कहा कि अमृतपाल पर भी एनएसए लगाया जा सकता है। हालांकि उसकी गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई में ही वह इसकी स्पष्ट जानकारी दे पाएंगे। आईजी गिल ने कहा कि मामले में अब तक 114 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इसके अलावा हत्या की कोशिश, पुलिस पर हमला, पुलिस के काम में दखल, शांति बिगाडऩे और आम्र्स एक्ट के मामलों में छह एफआईआर दर्ज हुई हैं। पहले दिन की कार्रवाई में 78 को गिरफ्तार किया गया, 34 को दूसरे दिन और दो अन्य को रविवार रात को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, गिल ने बताया किए गिरफ्तार पांच लोग पंजाब से असम भेजे गए हैं। इन पांचों को असम के डिब्रूगढ़ में रखा गया है। आईजी हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि इस कार्रवाई में अब तक सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आईएसआई का एंगल भी सामने आ रहा है। लगता है कि अमृतपाल और वारिस पंजाब दे संगठन को विदेश से फंडिंग हो रही थी। अमृतपाल के आईएसआई कनेक्शन और विदेशी फंडिंग की बड़े पैमाने पर जांच चल रही है। पुलिस ने कार्रवाई में अब तक चार गाडिय़ां जब्त की हैं। श्री गिल ने लोगों से अपील की है कि अमृतपाल के गिरफ्तार होने संबंधी खबर न फैलाएं और न ही अमृतपाल को लेकर और कोई अफवाह पर विश्वास करें। आईजी गिल ने कहा कि अमृतपाल सिंह अभी फरार है। पुलिस उसे पकडऩे के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने साथ की कहा कि पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बीच राज्य में शांति है, स्थिति स्थिर है, कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ी है। पंजाब के सभी जिलों में पुलिस फ्लैग मार्च निकाल रही है।
अमृतपाल के चाचा ने ड्राइवर सहित किया सरेंडर
जालंधर। खालिस्तानी अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह ने पंजाब पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। उसने अमृतपाल के ड्राइवर सहित जालंधर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। इस दौरान अमृतपाल की मर्सिडीज कार भी जब्त कर ली है। अमृतपाल सिंह को जब पंजाब पुलिस ने मेहतपुर में घेरा था, तब उसका चाचा भी उसके साथ फरार हो गया था। एसएसपी जालंधर स्वर्णदीप सिंह ने अमृतपाल के चाचा और ड्राइवर के आत्मसमर्पण की पुष्टि की है।
पंजाब पुलिस हाई अलर्ट पर, इंटरनेट आज भी बंद
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह पर कार्रवाई के मद्देनजर पंजाब में हाई अलर्ट है। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात है। पूरे पंजाब में मंगलवार दोपहर तक इंटेरनेट सेवाओं को बंद रखा गया है। वहीं अमृतपाल सिंह पर कार्रवाई का असर चंडीगढ़ और हरियाणा तक भी है।