क्विंटलों के हिसाब से शक्कर का उत्पादन करेगा टिप्पर

By: Mar 28th, 2023 12:16 am

गन्ने के रस से शक्कर निकालने में जुटे ग्रामीण; 150 रुपए किलोग्राम होगा रेट, इस बार हुई बंपर फसल की पैदावार

अश्वनी शर्मा-गलोड़
लोगों के जीवन में शक्कर की मिठास घोल रहे ब्राहलड़ी पंचायत के टिप्पर गांव में इस बार भी क्विंटलों के हिसाब से शक्कर का उत्पादन होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार लगभग 50 क्विंटल शक्कर गन्ने के रस से निकलेगी। ग्रामीणों ने गन्ने के रस से शक्कर निकालने का काम शुरू कर दिया है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार गन्ने की बंपर पैदावार हुई है। इसका मुख्य कारण जरूरत से ज्यादा बारिश का न होना माना जा रहा है। ग्रामीणों की माने तो अधिक बारिश गन्ने की फसल पर विपरीत प्रभाव डाल देती है। मौसम का साथ मिलने से इस बार गन्ने की बंपर फसल हुई है। ग्रामीणों ने अब गन्ने का रस निकालकर शक्कर बनाने का काम शुरू कर दिया है। शक्कर उत्पादन के लिए मशहूर टिपर गांव में हिमाचल की कई जगहों से लोग शक्कर खरीद के लिए पहुंचते हैं।

वर्तमान में यहां मिलने वाली देशी शक्कर का भाव 150 रुपए प्रति किलोग्राम हैं। कुछ समय पूर्व ही ग्रामीणों ने गन्ने की फसल को काटना शुरू किया है। गन्ने की फसल को काटने के साथ ही शक्कर निकालने का कार्य शुरू किया है। खेतों के पास ही बड़ा चूल्हा लगाया गया है, जिसके नीचे आग जलाकर बड़ी कड़ाही में गन्ने के रस को उबाला जाता है। गन्ने के रस को उबालने के बाद इसकी शक्कर बनाई जाती है। गन्ने से रस निकालने के लिए यहां पर बेलन भी लगाया गया है। बिजली की मोटर से चलने वाले बेलन से गन्ने का रस निकालकर शक्कर बनाने के लिए गर्म कड़ाही में डाला जाता है। ग्रामीणों की मानें तो इस बार टिप्पर गांव से अनुमानित 50 क्विंटल शक्कर का उत्पादन होगा। गांव के ग्रामीण जीत कुमार ने बताया कि इस बार गन्ने की फसल अच्छी हुई है। गांव की जमीन गन्ने के लिए काफी उपजाऊ है। लोग गन्ने की अच्छी फसल प्राप्त करने के लिए जीतोड़ मेहनत करते हैं। यहां से निकलने वाली शक्कर की बहुत डिमांड हैं। यहां की शक्कर काफी मीठी होती है इसी वजह से खरीददार स्वयं गांव में पहुंच जाते हैं। इस बार भी यहां से लगभकग 50 क्विंटल शक्कर का उत्पादन होगा। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App