उपमंडल गगरेट में बारिश से खेतों में लेटी गेहूं की फसल

By: Mar 21st, 2023 12:21 am

उपमंडल गगरेट में ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश से फसल को नुकसान, किसानों ने मांगा मुआवजा

अजय ठाकुर- गगरेट
उपमंडल गगरेट में ओलावृष्टि के साथ कई इलाकों में हुई बारिश ने गेहूं की फसल पर ऐसा वार किया कि जिस लहलहाती फसल को देखकर बढिय़ा उत्पादन की उम्मीद के साथ किसानों की आंखें चमक रहीं थीं उन आंखों में अब आंसू नजर आने लगे हैं। बारिश की वजह से गेहूं की फसल बिछोने की तरह खेतों में बिछ गई। इससे गेहूं की फसल के उत्पादन पर सीधा असर होने के आसार हैं। कृषि विभाग की बारिश के वजह से गेहूं की फसल को हुए नुकसान के आकलन में जुट गया है। प्रारंभिक आकलन में कृषि विभाग ने उपमंडल गगरेट में अब तक पांच प्रतिशत नुकसान का आकलन किया है।

जिन असिंचित क्षेत्रों में गेहूं की फसल को सिंचाई सुविधा उपलब्ध नहीं थी वहां तो बारिश गेहूं की फसल के लिए वरदान मानी जा रही है लेकिन जिन क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा थी उन क्षेत्रों में बारिश से गेहूं की फसलों को आंशिक नुकसान हुआ है। सिंचाई सुविधा वाले क्षेत्रों में किसान गेहूं की फसलों की सिंचाई करके ही हटे थे कि बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने फसलों को खेतों में बिछा दिया। किसान पहले फसलों को बेसहारा पशुओं से बचाते रहे और अब जब फसलें पकने की कगार पर थीं तो बारिश ने ऐसा कहर ढाया कि गेहूं की फसल इस बार किसानों को कर्जदार न बना दे इसके आसार भी प्रबल हो गए हैं। अंबोटा गांव के किसान प्रिंस ठाकुर, रोमी ठाकुर, रमन जसवाल ने बताया कि बारिश के साथ चली तेज हवाओं से गेहूं की फसल को खासा नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि जो फसल ढह गई है उससे गेहूं उत्पादन की उम्मीद रखना बेकार है। इससे अनाज व तूड़ी दोनों का नुकसान हुआ है। उधर कृषि विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ डा. नवदीप कौंडल का कहना है कि विभाग बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है. प्रारंभिक स्तर पर अभी गेहूं की फसल को पांच फीसदी नुकसान का आकलन किया गया है। पूरा आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित की जाएगी। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App